आजमगढ़ मंडल ब्यूरो हेड रामनरायन राय उर्फ बबलू राय की खास रिपोर्ट
स्वामी सहजानंद सरस्वती की पुण्यतिथि पर रक्तदान महायज्ञ, ब्रह्मर्षि वेलफेयर एसोसिएशन ने पेश की सामाजिक एकता और मानव सेवा की मिसाल
आजमगढ़ जनपद में किसान आंदोलन के प्रणेता, महान समाज सुधारक एवं स्वतंत्रता सेनानी स्वामी सहजानंद सरस्वती की पुण्यतिथि के अवसर पर गुरुवार को ब्रह्मर्षि वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में शकुंतलम मैरिज हॉल, करतालपुर बाईपास, आजमगढ़ में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 9:30 बजे से अपराह्न 3:30 बजे तक चले इस मानव सेवा अभियान में समाज के 50 से अधिक युवाओं एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर जरूरतमंदों के जीवन बचाने का संकल्प लिया।
रक्तदान शिविर का उद्घाटन संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा स्वामी सहजानंद सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने उनके संघर्षमय जीवन, सामाजिक चेतना और किसान हितों के लिए किए गए ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
संगठन के राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र राय उर्फ बबलू ने कहा कि रक्तदान मानवता के प्रति सबसे बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में रक्त की आवश्यकता किसी भी समय किसी भी व्यक्ति को पड़ सकती है, ऐसे में समाज के सक्षम लोगों का आगे आना एक सकारात्मक और प्रेरणादायक पहल है। राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. दिवाकर राय ने कहा कि ब्रह्मर्षि वेलफेयर एसोसिएशन केवल सामाजिक संगठन नहीं बल्कि सेवा, सहयोग और संस्कार की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बन रहा है।
जिलाध्यक्ष विवेक सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष उमेश चंद्र राय एवं संगठन के संरक्षक अशोक कुमार राय ने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज के लोगों को एक मंच पर लाकर शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सहयोग और आपदा के समय सहायता जैसे कार्यों को निरंतर गति देना है। उन्होंने बताया कि रक्तदान शिविर के माध्यम से एक ऐसा रक्तदाता समूह तैयार किया जा रहा है, जिससे भविष्य में किसी भी जरूरतमंद को रक्त के अभाव का सामना न करना पड़े।
कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने संगठन की आगामी योजनाओं पर भी चर्चा की तथा युवाओं से सामाजिक सरोकारों से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया। शिविर के दौरान रक्तदाताओं के लिए स्वास्थ्य परीक्षण, जलपान एवं विशेष देखभाल की व्यवस्था की गई। रक्तदान करने वाले सभी लोगों को फल, फ्रूटी एवं मिठाई देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर रासबिहारी राय, संतोष राय (जिला मंत्री), अभिषेक राय, अरविंद राय, सत्यम राय, प्रभाकर राय, प्रदेश महामंत्री नवीन राय, रोहित राय, प्रवीण राय (जिला महामंत्री), विपिन राय, आदित्य राय, ऋषभ राय, तुषार राय, हेमंत राय, सूर्यभान राय, लालगंज जिला अध्यक्ष आलोक राय, संदीप राय सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




