
बाराबंकी: 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान-2026 से संबंधित कार्यों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय प्रदर्शन के लिए जनपद को राज्य स्तरीय समारोह में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शशांक त्रिपाठी को यह सम्मान प्रदान किया गया।

इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कहा कि यह सम्मान टीम बाराबंकी के समर्पित, अनुशासित एवं सतत प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय उप जिला निर्वाचन अधिकारी, जनपद की समस्त विधानसभाओं के ईआरओ, एईआरओ, सुपरवाइज़र एवं बीएलओ को देते हुए कहा कि सभी ने पूरी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया।

जिलाधिकारी ने इसके अतिरिक्त समस्त विभागीय अधिकारियों के सहयोग तथा इस अभियान में सक्रिय सहभागिता के लिए जनपद के समस्त मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही यह उपलब्धि संभव हो सकी है।




