कोर्ट में पेश न होने पर आरोपी के घर चस्पा हुई कुर्की की नोटिस

स्थानीय समाचार

संवाददाता 

मोनू भारती

मोहम्मदाबाद गोहना मऊ 

मुहम्मदाबाद गोहना। स्थानीय कोतवाली में दर्ज धोखाधड़ी के मुकदमे में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ बुधवार को पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर धारा 82 के तहत कार्रवाई की। कस्बा चौकी इंचार्ज मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गाजा-बजा और मुनादी के साथ आरोपी के घर पहुंचकर नोटिस चस्पा किया।

पुलिस के अनुसार, कबीराबाद निवासी खुर्रम रिजवान पर एक महिला की जमीन धोखाधड़ी कर हड़पने का आरोप है। इस मामले में स्थानीय कोतवाली में मुकदमा दर्ज है और मामला न्यायिक मजिस्ट्रेट मऊ की अदालत में विचाराधीन है। अदालत द्वारा आरोपी को कई बार पेश होने के लिए नोटिस जारी किया गया, लेकिन वह लगातार अनुपस्थित रहा।

आरोपी के न्यायालय में उपस्थित न होने पर कोर्ट ने उसके विरुद्ध धारा 82 के तहत उद्घोषणा जारी करने का आदेश दिया। इसके बाद बुधवार को पुलिस टीम ने आरोपी के कबीराबाद स्थित आवास पर पहुंचकर मुनादी कराई और कुर्की की नोटिस चस्पा की। कार्रवाई के दौरान इलाके में लोगों की भीड़ जुटी रही और पुलिस ने लोगों को न्यायालय के आदेश की जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यदि आरोपी जल्द न्यायालय में उपस्थित नहीं होता है, तो आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है।