स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही से नसबंदी कराने आई महिला की मौत,परिजनों ने दी लापरवाह चिकित्सकों के विरूद्व तहरीर

CRIME

राघवेंद्र मिश्रा, बाराबंकी: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ में लगे नसबंदी कैंप में नसबंदी कराने आई एक विवाहिता की नसंबदी के तुरंत बाद से उसकी हालत बिगड़ने लगी। स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद चिकित्सकों ने इलाज किया लेकिन उसकी हालत में सुधार नही हुआ तो उसे आनन फानन जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसकी मौत हो गई। जिसके बाद मृतका के परिजनों नें लापरवाह चिकित्सकों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। तहरीर मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार सुबेहा थाना क्षेत्र के सराय मानिक मजरे सड़वा गांव निवासी शिव कुमार तिवारी की 40 वर्षीय पत्नी संगीता सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ में आयोजित नसबंदी कैंप में नसबंदी आप्रेशन कराने आशा बहु के साथ आई हुई थी। बताया जाता है कि नसबंदी के तुरंत बाद महिला मुर्छित होने लगी अस्पाताल में मौजूद चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया लेकिन कोई सुधार नही हुआ जिसके बाद देर शाम उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजनों के मुताविक जिला अस्पताल में मौजूद डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की सूचना जैसे ही उसके घर वालों को हुई तो घर में कोहराम मच गया। देर रात महिला का शव उसके घर लाया गया जिसके बाद घटना की जानकारी मृतक महिला के पति को दी। रोते विलखते परिजनों ने बताया कि मृतका संगीता के पति शिव कुमार तिवारी सूरत में रह कर प्राइवेट नौकरी कर अपने परिवार पालन पोषण करता था जैसे ही उसको इस घटना की जानकारी हुई तो उसके पैरो से मिट्टी खिसक गई। रोते हुए शिव कुमार ने बताया कि पत्नी ने नसबंदी कराने की बात बताई थी और कह कर गई थी कि देर शाम वह वापस आ जाएगी लेकिन मुझे नही पता था कि लौटकर वह नही बल्कि उसकी लाश आएगी। मंगलवार को मृतका के जेठ रामकुमार तिवारी कोतवाली हैदरगढ में जाकर लापरवाह चिकित्सक के विरूद्व लिखित तहरीर देकर कार्यवाही की गुहार लगाई। मृतका के परिजनों का कहना था कि महिला अस्पताल के लिये जब घर से निकली थी तो पूरी तरह से स्वस्थ थी उसे किसी भी प्रकार का कोई परेशानी नही थी। यदि महिला को कोई समस्या थी तो डाक्टरो को आपरेशन नही करना चाहिये था। उनका आरोप है की आपरेशन के दर्मियान चिकित्सक द्वारा घोर लापरवाही बर्ती गयी जिसके चलते उसकी मौत हो गयी है। मृतका के परिजनों ने उच्च अधिकारियो से इसकी जांच करवाकर दोषी स्वास्थ्य कर्मियो पर कार्यवाही करने की माँग की है। वही घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे हैदरगढ प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार त्रिपाठी ने मामले की जांच पडताल करते हुए दोषियो पर कडी कार्यवाही करने का भरोसा परिजनों को दिलाया और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। वही इस सम्बन्ध में प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया की महिला को पीएम के लिये भेजा जा रहा है जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्यवाही की जायेगी