नेशनल खबर 9 के लिए आजमगढ़ मंडल ब्यूरो हेड रामनरायन राय उर्फ बबलू राय
जर्जर दीवार, जलभराव और बिना बिजली के पढ़ने को मजबूर नौनिहाल
प्राथमिक विद्यालय गागेपुर में मूलभूत सुविधाओं का अभाव, गर्मी में बेहाल बच्चे; डीएम से ग्रामीणों ने लगाई गुहार
आजमगढ़ बिलरियागंज शिक्षा के मंदिर कहे जाने वाले प्राथमिक विद्यालय गागेपुर की बदहाल स्थिति ने नौनिहालों की सुरक्षा और सुविधाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विद्यालय की दीवार जर्जर होकर क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जबकि परिसर में जलभराव, खराब शौचालय, पेयजल की समस्या के साथ कई महीनों से बिजली भी नहीं है। ऐसे में मासूम बच्चे गर्मी और अव्यवस्थाओं के बीच पढ़ाई करने को मजबूर हैं।
शिक्षा क्षेत्र बिलरियागंज के प्राथमिक विद्यालय गागेपुर की जर्जर दीवार कभी भी गिर सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो दीवार गिरने से बच्चों के साथ गंभीर हादसा हो सकता है। विद्यालय परिसर के चारों तरफ पानी भरा रहने से बच्चों को आने-जाने में भी परेशानी होती है। पानी में फिसलने के कारण कई बच्चे गिरकर चोटिल हो चुके हैं।
सबसे गंभीर स्थिति बिजली व्यवस्था की है। ग्रामीणों के अनुसार बिजली का खंभा गिर जाने के कारण विद्यालय में कई महीनों से बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है। उमस और भीषण गर्मी के बीच बच्चे बिना पंखे के कक्षाओं में बैठकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं। गर्मी से बच्चों की परेशानी बढ़ जाती है, लेकिन उनके सामने विद्यालय में बैठकर पढ़ाई करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। अभिभावकों का कहना है कि जिस उम्र में बच्चों को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण में शिक्षा मिलनी चाहिए, उस उम्र में वे गर्मी और अव्यवस्थाओं को झेल रहे हैं।
विद्यालय का शौचालय भी क्षतिग्रस्त पड़ा है। शौचालय की सुविधा नहीं होने के कारण छात्र-छात्राओं को मजबूरी में विद्यालय से बाहर जाना पड़ता है। वहीं विद्यालय की पानी की टंकी खराब होने से बच्चों को स्वच्छ पेयजल भी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इससे बच्चों के स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर भी अभिभावकों में चिंता बनी हुई है।
ग्रामीण सुनील चौहान पुत्र संतलाल चौहान, निवासी हरखपुर, थाना बिलरियागंज ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर विद्यालय की समस्याओं का तत्काल समाधान कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चे गांव के भविष्य हैं। उनकी सुरक्षा के साथ किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
ग्रामीणों का कहना है कि एक तरफ सरकार सरकारी विद्यालयों में बेहतर शिक्षा और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दे रही है, वहीं गागेपुर प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को जर्जर दीवार, जलभराव, खराब शौचालय, पेयजल की समस्या और बिजली के अभाव जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अभिभावकों ने जिलाधिकारी से विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण कराकर जर्जर दीवार की तत्काल मरम्मत, जलभराव की निकासी, शौचालय को दुरुस्त कराने, पानी की टंकी ठीक कराने तथा बिजली का खंभा लगवाकर विद्यालय में विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।
प्रार्थी ने चेतावनी दी है कि यदि एक माह के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामसभा के लोग अपने बच्चों की सुरक्षा और भविष्य के लिए धरना देने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों के सिर पर जर्जर दीवार और गर्मी में बिना बिजली के चल रही कक्षाएं किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रही हैं, इसलिए प्रशासन को मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।




