लोहाघाट जन्माष्टमी मेले में ऑपरेशन कालनेमी के तहत चम्पावत पुलिस का एक्शन।

Breaking

उत्तराखंड: संवाददाता -ईश्वर सिंह के साथ महेंद्र सिंह बिष्ट की ख़ास रिपोर्ट…

जनपद चम्पावत के लोहाघाट में चल रहे प्रसिद्ध जन्माष्टमी मेले में चम्पावत पुलिस ने ऑपरेशन कालनेमी के तहत बड़ी कार्रवाई की है। मेले में साधु के भेष में घूम रहे 8 संदिग्ध लोगों को पुलिस ने पकड़कर चालान किया है।
उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पूरे प्रदेश में ऑपरेशन कालनेमी चलाया जा रहा है, जिसके तहत धार्मिक आयोजनों में फर्जी साधु-संतों के भेष में घूमकर लोगों को ठगने वालों पर नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक चम्पावत श्रीमती रेखा यादव के निर्देश पर लोहाघाट मेले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।क्षेत्राधिकारी चम्पावत देवेन्द्र सिंह कप्रवाण के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक लोहाघाट अशोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मेले में सघन सत्यापन अभियान चलाया।चेकिंग के दौरान पुलिस ने देखा कि कुछ बाहरी व्यक्ति साधु के भेष में मेले में घूम-घूम कर लोगों को टीका-पिठिया लगा रहे हैं और पैसे की मांग कर रहे हैं। जब पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ और सत्यापन किया तो बड़ा खुलासा हुआ। पकड़े गए सभी 8 व्यक्ति उत्तर प्रदेश के जिला पीलीभीत के ग्राम रानीगंज पिपरा के रहने वाले निकले। ये बिना किसी सत्यापन और बिना पुलिस को सूचना दिए मेले में घूम रहे थे।पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी 8 व्यक्तियों के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की और उन्हें सख्त हिदायत देकर वापस उनके मूल निवास स्थान के लिए रवाना कर दिया। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में बिना सत्यापन के जनपद में इस तरह की गतिविधि करने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।वहीं चम्पावत पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि धार्मिक आस्था और मेलों की पवित्रता का फायदा उठाकर लोगों को भ्रमित करने वाले ऐसे संदिग्ध लोगों से सावधान रहें। अगर आपको कहीं भी कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखे तो तुरंत नजदीकी पुलिस या 112 पर सूचना दें।