संवाददाता : सत्यवान सिंह चौहान
कासगंज के नदरई स्थित हजारा नहर पिकनिक पॉइंट पर शुक्रवार शाम एक युवक नहर में डूब गया। मारहरा थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव निवासी 21 वर्षीय देवराज सिंह अपने चार दोस्तों के साथ घूमने गया था, जहां नहाते समय यह हादसा हुआ। देवराज अपने साथियों अंशुल प्रताप (17), सुमित कुमार (18) और अनुज कुमार (16) के साथ नहर में नहाने उतरा था। शाम करीब साढ़े छह बजे देवराज नहर में डूब गया। उसके साथियों ने बताया कि वह लगभग 50 मीटर तक तैरता हुआ दिखा, जिसके बाद वह अचानक लापता हो गया। दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और कासगंज के पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस और गोताखोरों की टीम युवक की तलाश में जुटी हुई है। बचाव अभियान को तेज करने के लिए फ्लड कंपनी को भी सूचित किया गया है।
देवराज के डूबने की खबर मिलते ही उसके परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पिता वीरपाल सिंह, बड़े भाई कैलाशचंद्र और छोटी बहन पिंकी कुमारी सहित परिवार के अन्य सदस्य मौके पर मौजूद हैं। वे देवराज के सकुशल मिलने की उम्मीद कर रहे हैं। पुलिस इस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।




