रिपोर्ट- नीरज शुक्ला (रामनगर बाराबंकी)
प्राथमिक विद्यालय रामनगर-दो में शनिवार को आयोजित एक कार्यक्रम में समाजसेवी एवं भाजपा नेता शिव प्रकाश अवस्थी उर्फ राहुल के सहयोग से छात्र-छात्राओं को निःशुल्क स्कूल बैग एवं कॉपियों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा उर्फ भुल्लन रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुआ, जहां आयोजक शिव प्रकाश अवस्थी ने उन्हें राधा-कृष्ण का चित्र और अंगवस्त्र भेंट कर अभिनंदन किया। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद पत्रकारों का भी माल्यार्पण कर सम्मान किया गया।
इसके बाद मुख्य अतिथि एवं अतिथियों ने विद्यालय के कक्षा एक से पांच तक के कुल 110 छात्र-छात्राओं को निःशुल्क स्कूल बैग तथा एक-एक कॉपी वितरित की। बच्चों के चेहरों पर नए बैग पाकर खुशी साफ दिखाई दी। विद्यालय परिवार ने इस सहयोग के लिए समाजसेवी शिव प्रकाश अवस्थी का आभार व्यक्त करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय पहल बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा ने कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को समय-समय पर ऐसे सेवा कार्य करते रहना चाहिए, जिससे जरूरतमंद बच्चों को प्रोत्साहन मिल सके।
आयोजक एवं समाजसेवी शिव प्रकाश अवस्थी उर्फ राहुल ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही समाज का समग्र विकास संभव है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ऐसे सामाजिक कार्य जारी रहेंगे, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की पढ़ाई किसी भी कारण से प्रभावित न हो।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि राम सिंह वर्मा ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर युवा मोर्चा अध्यक्ष पुष्कर मिश्रा, उद्योग व्यापार संगठन अध्यक्ष विवेक शुक्ला, महामंत्री शुभम जायसवाल, प्रधानाध्यापिका शमा परवीन, अध्यापिकाएं राधारानी मिश्रा, विजय लक्ष्मी, सौम्या मिश्रा, ऋचा मिश्रा सहित विद्यालय परिवार, अभिभावक एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सभी के प्रति आभार ज्ञापन के साथ हुआ।




