आजमगढ़ मंडल ब्यूरो हेड रामनरायन राय उर्फ बबलू राय की खास रिपोर्ट
आजमगढ़ जमीनी विवादों पर प्रशासन सख्त, पुलिस-राजस्व विभाग के समन्वय से होगा त्वरित निस्तारण,एसएसपी
आजमगढ़ जनपद में जमीनी विवादों के मामलों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रत्येक प्रकरण का तत्काल संज्ञान लेकर उसका त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि भूमि विवाद अक्सर कानून-व्यवस्था की समस्या का कारण बनते हैं, इसलिए ऐसे मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग संयुक्त रूप से कार्रवाई करेंगे।
उन्होंने बताया कि विवाद की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस और राजस्व टीम मौके पर पहुंचकर जांच करेगी तथा दोनों पक्षों की बात सुनकर विधिक प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संवेदनशील मामलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
एसएसपी ने आमजन से अपील की कि जमीनी विवाद की स्थिति में कानून का सहारा लें और किसी भी प्रकार के विवाद को स्वयं सुलझाने का प्रयास न करें। प्रशासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक मामले का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण कर जनसामान्य को राहत प्रदान की जाए तथा जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम रखी जाए।




