संवाद दाता;- सलीम जावेद
आज दिनांक 20-01-2026 को पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल ने शहर में सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वयं सड़कों पर उतरकर रथयात्रा, गुरूबाग, भेलूपुर चौराहा, रविन्द्रपुरी रोड, रविदास गेट व मालवीय चौराहा सहित प्रमुख क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमण, बिना नंबर प्लेट संचालित वाहनों, नो-पार्किंग में खड़े वाहनों तथा नियम उल्लंघन पर सख्त वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। रविदास गेट के पास पहलवान लस्सी वाले के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर बिना नंबर प्लेट वाहनों को सीज किया गया, जबकि गुरूबाग क्षेत्र में सड़क पर अतिक्रमण करने वालों पर अभियोग पंजीकृत किया गया। सुव्यवस्थित पार्किंग हेतु सड़क किनारे येलो लाइन चिन्हांकन कराने के निर्देश दिए गए।
दुकानदारों को अतिक्रमण न करने व ग्राहकों की पार्किंग निर्धारित स्थलों पर सुनिश्चित कराने की सख्त चेतावनी दी गई। साथ ही, हेलमेट न पहनने व गलत दिशा में वाहन चलाने पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश देते हुए आम नागरिकों से यातायात नियमों के पालन की अपील की गई। इस दौरान अपर पुलिस उपायुक्त यातायात श्री अंशुमान मिश्रा, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात, सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर व अन्य पुलिस बल मौजूद रहे ।




