आंदोलन से डरी योगी सरकार कांग्रेस नेताओं को कर रही नजरबंद: डॉ. जनक कुशवाहा।

POLITICS स्थानीय समाचार

आंदोलन से डरी योगी सरकार कांग्रेस नेताओं को कर रही नजरबंद: डॉ. जनक कुशवाहा।

संवाददाता उमाकांत विश्वकर्मा

बाराचवर (गाजीपुर)।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा घोषित मनरेगा बचाओ आंदोलन से केंद्र और प्रदेश सरकार बुरी तरह घबरा गई है। यही वजह है कि योगी सरकार कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को अलोकतांत्रिक तरीके से गिरफ्तार कर या नजरबंद कर आंदोलन को कुचलने की कोशिश कर रही है। यह आरोप विधानसभा के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी व पूर्व प्रदेश सचिव डॉ. जनक कुशवाहा ने लगाया।
डॉ. कुशवाहा को बाराचवर पुलिस चौकी में गिरफ्तार कर रखा गया है। चौकी परिसर से ही उन्होंने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार मनरेगा बचाओ आंदोलन से इतनी भयभीत है कि लोकतंत्र को ताक पर रखकर विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मजदूरों के अधिकारों के लिए किसी भी कीमत पर पीछे नहीं हटेगी और जरूरत पड़ी तो जान की बाजी भी लगा देगी।
डॉ. कुशवाहा ने आरोप लगाया कि मनरेगा के स्थान पर लाई जा रही वी.जी. राम जी योजना की सच्चाई सामने आते ही मजदूरों में आक्रोश भड़क जाएगा और यह भाजपा सरकार के लिए घातक साबित होगा। उन्होंने सरकार को किसान विरोधी, मजदूर विरोधी, युवा विरोधी और महिला विरोधी करार देते हुए कहा कि सरकार सिर्फ चंद पूंजीपतियों के हित में देश की 85 प्रतिशत आम जनता का शोषण कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता भाजपा सरकार के इन “नापाक मंसूबों” को कभी सफल नहीं होने देगा।
इस दौरान बाराचवर पुलिस चौकी पर युवा कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष झुन्ना शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष दिलशाद खान, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष गयासुद्दीन अंसारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।