
बाराबंकी: थाना घुंघटेर पुलिस टीम ने चोरी की पांच घटनाओं का सफल अनावरण कर घटनाओं से सम्बन्धित चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का सामान व नकदी बरामद की। बता दें कि थाना घुंघटेर पुलिस टीम द्वारा मैनुअल इंटेलीजेन्स के आधार पर बुधवार को चोरी की पांच घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए चार शातिर चोरों राममिलन मौर्या पुत्र ठईयाँ निवासी बंदेला, उत्तम पुत्र भीखा निवासी लालतापुरवा, विकास गुप्ता पुत्र संतोष गुप्ता निवासी सरवन और रामू यादव पुत्र जगदीश निवासी रोशनाबाद थाना घुंघेटर जनपद बाराबंकी को धौरहरा पुल से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तगण के कब्जे/निशांदेही पर चोरी का सामान व नकदी बरामद किया गया।

पूछताछ व जांच से ज्ञात हुआ कि अभियुक्तगण का एक गिरोह है जो चोरी/नकबजनी जैसी घटना को अंजाम देकर चोरी के सामान को अच्छे दामों में बेच दिया जाता है। अभियुक्तगण द्वारा करीब 08 दिन पूर्व ग्राम बढईडीह में एक स्कूल से भगोना, चावल व सिलेण्डर चोरी किया गया था, करीब एक हफ्ते पूर्व ग्राम पलिया में एक घर से सिलेण्डर, बैटरी व सोलर पैनल आदि चोरी किया गया था जिसे लालतापुरवा में तालाब किनारे कुटी के पास छिपाकर रखा गया था, को बरामद किया गया। साथ ही करीब डेढ़ महीना पूर्व डिकोलिया व थाना मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र के सूरतगंज से सोलर पैनल चोरी किया गया था।

जिसे बेचकर प्राप्त रुपयों को आपस में बांट लिया गया था, जिसको बेचने से शेष बचे 4800 रुपयों को बरामद किया गया व करीब दो महीने पूर्व अपने अन्य साथी सुशील के साथ मिलकर ग्राम डिकोलिया में एक घर से पिपरमेंट का तेल व बर्तन चोरी किया गया था जिसमें से मेंथा का तेल बेचकर आपस में बांट लिया गया था, जिससे मेंथा बेचने से प्राप्त 1500 रुपये बरामद किए गए। वांछित अभियुक्त की गिऱफ्तारी हेतु पुलिस टीम द्वारा प्रयास किया जा रहा है।





