साइबर टीम द्वारा ठगे हुए व्यक्ति के पैसे को कराया गया वापस
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मुहम्मदाबाद गोहना की साइबर टीम ने ऑनलाइन ठगी के शिकार एक व्यक्ति की पूरी धनराशि वापस कराकर सराहनीय कार्य किया है। टीम की सक्रियता और तकनीकी जांच के चलते पीड़ित के 20 हजार रुपये उसके बैंक खाते में वापस करा दिए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खैराबाद निवासी मोहम्मद हासिम पुत्र अब्दुल बारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने युवती के माध्यम से बातचीत कर उसे अपने झांसे में लेकर 20 हजार रुपये की ठगी कर ली। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना के मार्गदर्शन में साइबर टीम के उपनिरीक्षक विकास कुमार, कांस्टेबल संजय गुप्ता, महिला कांस्टेबल प्रिया सिंह एवं महिला कांस्टेबल शालिनी मौर्या ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की। टीम ने संबंधित बैंक और साइबर प्लेटफॉर्म से समन्वय स्थापित कर ठगी गई धनराशि को होल्ड कराया और सफल प्रयासों के बाद पीड़ित के खाते में पूरी 20 हजार रुपये की रकम वापस करा दी।
राशि वापस मिलने पर मोहम्मद हासिम ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या निकटतम थाने में शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते कार्रवाई कर धनराशि वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।




