पारिवारिक कलह से परेशान एक युवक ने ट्रेन के सामने आकर दे दी अपनी जान

स्थानीय समाचार

संवाददाता : धीरज पाण्डेय
उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां पारिवारिक कलह से परेशान एक युवक ने ट्रेन के सामने आकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है, वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला बस्ती जिले के गौर थाना क्षेत्र के तरैनी गांव का है। यहां रहने वाले 25 वर्षीय रंजीत सोनकर का शव टिनिच रेलवे स्टेशन के पूर्वी समपार फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर मिला। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि रंजीत के पिता बाबूलाल गौर थाने में ग्राम प्रहरी यानी चौकीदार के पद पर तैनात हैं। पिता के अनुसार, रंजीत पारिवारिक विवाद के कारण काफी समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। वह अपनी बहन के घर, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भरवलिया गांव गया था और वहां से लौटने के बाद उसने यह कदम उठा लिया। परिजनों का कहना है कि घटना के समय रंजीत फोन पर बात कर रहा था और इसी दौरान वह ट्रेन के सामने आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। फिलहाल रेलवे पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। एक बार फिर यह घटना बताती है कि पारिवारिक तनाव और मानसिक परेशानी को समय रहते समझना और उसका समाधान करना कितना जरूरी है