संवाददाता : मोनू भारती
मुहम्मदाबाद गोहना मऊ। कमालपुर पहाड़पुर ग्राम पंचायत में गुरुवार को किसान सम्मान निधि और अन्य किसान हितकारी योजनाओं से जुड़े कार्यों को लेकर किसानों का अंश निर्धारण कराया गया। पंचायत भवन पर सुबह करीब 11 बजे से दोपहर दो बजे तक आयोजित शिविर में पूर्व सूचना के आधार पर आसपास के मौजों से पहुंचे 54 किसानों ने अपने अभिलेखों का सत्यापन और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई। ग्राम प्रधान देवंती देवी और पंचायत सहायक माधुरी चौहान की मौजूदगी में किसानों के अंश निर्धारण के साथ फार्मर रजिस्ट्री और किसान सम्मान निधि से संबंधित कार्य किए गए। इस दौरान करीब आधा दर्जन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री भी कराई गई। मौके पर मौजूद लेखपाल अनिल यादव ने किसानों को बताया कि जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री अभी नहीं हो सकी है, वे जल्द से जल्द इसे पूरा करा लें, ताकि किसान सम्मान निधि की किस्त मिलने में किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि जिन किसानों के आधार कार्ड अथवा खतौनी में किसी प्रकार की त्रुटि है, वे आधार कार्ड और खतौनी की नकल लेकर संपर्क करें। अभिलेखों में आवश्यक सुधार की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
लेखपाल ने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री एवं अंश निर्धारण प्रक्रिया पूरी कराने की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसान सम्मान निधि का लाभ निर्बाध रूप से प्राप्त करने के लिए आधार, खतौनी और अन्य जरूरी अभिलेखों का सही होना तथा ई-केवाईसी कराना आवश्यक है। उन्होंने किसानों से अपील की कि जिनके अभिलेखों में त्रुटियां हैं, वे समय रहते उन्हें दुरुस्त करा लें। शिविर में अल्लीपुर, खोचा, सद्धोपुर, कमालपुर पहाड़पुर समेत विभिन्न मौजों से किसान पहुंचे और अपने आवश्यक कार्य पूरे कराए। मौके पर बलराम चौहान रामप्यारे राजभर शिवबचन राजभर रामकुंवर सिंह महेंद्र सिंह सर्वजीत सिंह छबिलाल राजभर सुमन राजभर गणेश राजभर मुन्नू पांडेय लाल बहादुर पांडेय बलवीर सिंह पारस सिंह राजेंद्र सिंह रामजनम सिंह विनोद सिंह कृष्ण कुमार सिंह आदि लगभग सैकड़ो किसानों ने भाग लिया ।




