अमरीश सिंह हमले में नया मोड़: भाई मानवेंद्र बोले, ‘यह गैंगवार नहीं, सुनियोजित हमला’

CRIME

आजमगढ़ मंडल ब्यूरो हेड रामनरायन राय उर्फ बबलू राय की खास रिपोर्ट

अमरीश सिंह हमले में नया मोड़: भाई मानवेंद्र बोले, ‘यह गैंगवार नहीं, सुनियोजित हमला’

आजमगढ़। अमरीश सिंह पर हुए जानलेवा हमले के मामले में नया मोड़ सामने आया है। प्रेस वार्ता के दौरान घायल अमरीश सिंह के भाई मानवेंद्र सिंह और पिता अनिल सिंह ने घटना को लेकर परिवार का पक्ष सार्वजनिक किया और सोशल मीडिया पर चल रही ‘गैंगवार’ की चर्चाओं को पूरी तरह भ्रामक बताया।

परिवार की ओर से बताया गया कि 17 मई की रात लगभग 9 बजे अमरीश सिंह ‘नेता जी के घर चिरैयाकोट’ से आयोजित त्रयोदशाह कार्यक्रम से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अमन सिंह द्वारा उनकी कार रोककर लगभग एक दर्जन राउंड फायरिंग की गई। हमले में अमरीश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।

मानवेंद्र सिंह ने बताया कि घटना के समय अमरीश सिंह के पास कोई असलहा नहीं था और वह स्वयं वाहन चला रहे थे। गोली लगने के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वर्तमान में वेदांत हॉस्पिटल के ICU में उनका इलाज चल रहा है। परिवार के अनुसार एक गोली अभी भी उनके शरीर में फंसी हुई है।

प्रेस वार्ता में परिवार ने कहा कि कुछ विरोधी तत्व इस घटना को सोशल मीडिया पर ‘गैंगवार’ बताकर गलत तरीके से प्रचारित कर रहे हैं, जबकि यह पूरी तरह से सुनियोजित हमला है। उन्होंने कहा कि अमरीश सिंह और अमन सिंह के बीच करण यादव पर चली गोली को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। आरोप लगाया कि अमन सिंह लगातार समझौते का दबाव बना रहा था और धमकी दी गई थी कि “अगर समझौता नहीं करवाओगे तो नहीं छोड़ेंगे।”

परिवार ने मीडिया से अपील की कि घटना को सही तथ्यों और परिप्रेक्ष्य में प्रस्तुत किया जाए। साथ ही बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो वर्ष 2025 में अध्यक्ष जी के स्वागत का है, जिसका इस घटना से कोई संबंध नहीं है। इस मामले का संज्ञान SP ग्रामीण द्वारा भी लिया जा चुका है।

अंत में परिवार ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय की अपेक्षा जताई।