मेधई खास तिराहे पर ट्रक और बाइक की भीषण भिड़ंत, युवक की दर्दनाक मौत

CRIME

उत्तर प्रदेश ब्यूरो हेड रिंकू सिह की खास रिपोर्ट

मेधई खास तिराहे पर ट्रक और बाइक की भीषण भिड़ंत, युवक की दर्दनाक मौत

आजमगढ़ जनपद के जीयनपुर कोतवाली अंतर्गत सोमवार को मेधई खास तिराहे के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मोटरसाइकिल संख्या UP 50 DA 3672 पर तीन लोग सवार होकर नदवासराय मार्ग से अजमतगढ़ की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक ग्राम सभा मेधई खास स्थित प्राथमिक विद्यालय जाने वाले तिराहे के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे ट्रक संख्या UP 50 BT 3026 से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार प्रिंस कुमार पुत्र मुसाफिर कुमार निवासी ग्राम भटौली इब्राहिमपुर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही सगड़ी के नायब तहसीलदार तथा जीयनपुर कोतवाली प्रभारी विनय कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। शेष दो घायलों को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया गया और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया गया।
युवक की असमय मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।