रसड़ा में दैनिक भास्कर कार्यालय का भव्य शुभारंभ, निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता का लिया संकल्प।
संवाददाता उमाकांत विश्वकर्मा



रसड़ा (बलिया)। नगर में गुरुवार का दिन पत्रकारिता जगत के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ, जब देश के प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक भास्कर के नवस्थापित कार्यालय का भव्य एवं गरिमामय उद्घाटन समारोह उत्साह, श्रद्धा और जनसहभागिता के बीच संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-पूजन और फीता काटकर हुए शुभारंभ के साथ क्षेत्र में निष्पक्ष, निर्भीक और जनपक्षधर पत्रकारिता के नए अध्याय की शुरुआत हुई।
समारोह के मुख्य अतिथि सुभासपा के प्रदेश महासचिव शिवेंद्र बहादुर सिंह ने शुभ मुहूर्त में फीता काटकर कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम में पत्रकारों, समाजसेवियों, शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, व्यापारियों तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। पूरे आयोजन में लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका, पत्रकारिता की सामाजिक जिम्मेदारी और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने पर विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान से पूजन-अर्चन एवं हवन के साथ हुआ। विद्वान आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कार्यालय परिसर में स्थापित मंदिर में पूजा संपन्न कराई तथा कार्यालय की निरंतर प्रगति, सफलता और समाजहित में उत्कृष्ट कार्य की मंगलकामना की।
मुख्य अतिथि शिवेंद्र बहादुर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ होने के नाते मीडिया की जिम्मेदारी केवल समाचार प्रकाशित करना नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करना, जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुँचाना और लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाना भी है। उन्होंने कहा कि “सत्य, निष्पक्षता और निर्भीकता ही पत्रकारिता की सबसे बड़ी पहचान है।” उन्होंने विश्वास जताया कि रसड़ा में दैनिक भास्कर का नया कार्यालय क्षेत्रीय पत्रकारिता को नई ऊँचाइयाँ देगा तथा आमजन की आवाज को प्रभावी मंच प्रदान करेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महामंडलेश्वर महंत कौशलेन्द्र गिरी ने कहा कि पत्रकार समाज और शासन-प्रशासन के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं। पत्रकारों की कलम में समाज को दिशा देने की शक्ति होती है, इसलिए उन्हें सदैव सत्य, नैतिकता और निष्पक्षता के मार्ग पर चलते हुए जनहित को सर्वोपरि रखना चाहिए।
समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने दैनिक भास्कर के नए कार्यालय की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से एक सशक्त और विश्वसनीय समाचार मंच की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह कार्यालय जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ प्रमुखता देगा।
दैनिक भास्कर परिवार की ओर से सभी अतिथियों का माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। समारोह के अंत में सभी अतिथियों ने नवस्थापित कार्यालय की निरंतर प्रगति, सफल संचालन एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर दैनिक भास्कर ब्यूरो चीफ बलिया वीरेंद्र मोहन तिवारी, सुरेशचंद जायसवाल, शैलजा राय, राजेश जायसवाल, दिनेश सिंह, इकबाल अंसारी, सुमित गुप्ता, राघवेंद्र कुमार गौतम, अख्तर जमील, उमाकांत विश्वकर्मा, विनोद शर्मा, मंटू शर्मा, संतोष सिंह, तनवीर अहमद, अर्जुन जायसवाल, रसड़ा थाना प्रभारी योगेंद्र बहादुर सिंह, उत्तरी चौकी प्रभारी कुलदीप कुमार, आरक्षी अंकुर वर्मा, राजेश गुप्ता (छितौनी), मनोज गुप्ता, रोहित गुप्ता, हरिश्चन्द्र गुप्ता, श्यामकृष्ण गोयल, अजीत भारद्वाज, खैरुल अंसारी, शहाबुद्दीन अंसारी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, समाजसेवी, शिक्षाविद, व्यापारी एवं क्षेत्र के सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल संचालन एवं व्यवस्थापन में सन्नी आर्य एवं आशीष सिंह की सराहनीय भूमिका रही। अंत में रसड़ा दैनिक भास्कर संवाददाता रवि आर्य ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह भव्य उद्घाटन समारोह केवल एक कार्यालय का शुभारंभ नहीं, बल्कि जनसरोकारों, सत्यनिष्ठा और निर्भीक पत्रकारिता के प्रति एक सशक्त संकल्प का प्रतीक बन गया।




