अमोली कीरतपुर गौशाला का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को देख संतुष्ट हुए मंडल नोडल अधिकारी

स्थानीय समाचार

रिपोर्ट- नीरज शुक्ला (रामनगर, बाराबंकी)

मंगलवार को मंडल के नामित नोडल अधिकारी डॉ. श्याम नगीना राम ने विकासखंड रामनगर अंतर्गत अमोली कीरतपुर स्थित गौशाला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौशाला में मौजूद व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया और वहां रखे गए पशुओं की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।

 

इस दौरान उन्होंने चारा, भूसा, टीनशेड, चोकर, पानी की उपलब्धता तथा पानी के टैंकर सहित अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं की जांच की। निरीक्षण में अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, जिस पर उन्होंने संबंधित जिम्मेदारों की सराहना भी की। साथ ही उन्होंने साफ-सफाई, पशुओं के रखरखाव और उनके स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

 

नोडल अधिकारी ने मौके पर मौजूद पशु चिकित्सक डॉ. सुरजीत सचान और डॉ. संजीव को निर्देशित किया कि गौशाला में रह रहे सभी पशुओं की नियमित रूप से निगरानी की जाए। यदि कोई पशु बीमार होता है तो उसका समय पर उपचार सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और पशुओं को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।

 

उन्होंने यह भी कहा कि गौशालाओं का संचालन पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ होना चाहिए, जिससे सरकार की मंशा के अनुरूप पशुओं को बेहतर संरक्षण मिल सके। निरीक्षण के दौरान सचिव अमित कुमार, सचिन रत्नेश कुमार, पंचायत सहायक अरुण कुमार सहित अन्य ग्रामीण भी उपस्थित रहे।