गुरुवार को कई जगह चलेगा स्व-गणना अभियान

स्थानीय समाचार

 

बाराबंकी: जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत स्व-गणना कार्यक्रम के तहत गुरुवार को जनपद में “राजस्व/प्रशासन दिवस” के रूप में व्यापक स्तर पर स्व-गणना कराई जाएगी। जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी ईशान प्रताप सिंह के निर्देशानुसार इस दिन जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।जिला जनगणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह ने बताया कि मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट लोकसभागार में प्रातः 10:00 बजे सांसद, जिला पंचायत अध्यक्ष, आयोग के अध्यक्ष सहित जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी द्वय एवं अन्य जनपद स्तरीय अधिकारियों तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों द्वारा स्व-गणना की जाएगी।

इसी क्रम में जनपद की सभी तहसीलों में प्रातः 11:00 बजे स्व-गणना कार्यक्रम आयोजित होंगे। तहसील नवाबगंज में विधायकगण एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ तहसील के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी भाग लेंगे। तहसील फतेहपुर, हैदरगढ़, रामसनेहीघाट, सिरौलीगौसपुर एवं रामनगर में भी संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों, सम्भ्रांत नागरिकों तथा तहसील स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा स्व-गणना कराई जाएगी।

अपर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया है कि सभी नामित अधिकारी समुचित समन्वय स्थापित करते हुए प्रगणक एवं सुपरवाइजर के माध्यम से आवश्यक संसाधन जैसे लैपटॉप, टैबलेट एवं स्मार्टफोन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि स्व-गणना की प्रक्रिया सुचारू रूप से सम्पन्न हो सके।उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस राष्ट्रीय महत्व के अभियान में अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित कर जनपद बाराबंकी को स्व-गणना में अग्रणी बनाया जाए।