महिला के साथ गलत कार्य की चर्चा, पुलिस ने बताया भ्रामक सूचना

स्थानीय समाचार

रिपोर्ट- नीरज शुक्ला (रामनगर बाराबंकी)

 

थानाक्षेत्र रामनगर में मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही एक महिला को रविवार देर रात सुनसान स्थान पर ले जाने और उसके साथ गलत कार्य किए जाने की चर्चा से हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस ने महिला के साथ किसी तरह की आपत्तिजनक घटना से इनकार किया है।

 

ग्रामीणों के अनुसार रविवार रात करीब आठ बजे अगानपुर से बरियारपुर मार्ग पर कुछ महिलाओं ने एक महिला को बदहवास हालत में देखा। बताया गया कि महिला के कपड़े अस्त-व्यस्त थे, जिसके बाद महिलाओं ने उसे कपड़े पहनाए। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना नंबर प्लेट के ऑटो से दो लोग महिला को सड़क किनारे यूकेलिप्टिस के बाग के पास लेकर आए थे। मौके पर महिला का झोला, कपड़े, मेकअप और खाने-पीने का सामान भी मिला।

 

ग्रामीणों के अनुसार ऑटो सवार लोगों को जब लोगों ने दौड़ाया तो वे मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला से पूछताछ कर उसे उसके घर भेज दिया। महिला मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है।

क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत ने बताया कि महिला के साथ कोई गलत कार्य नहीं हुआ है। घटना को लेकर भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।