टैंकर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, युवती गंभीर घायल

स्थानीय समाचार

रिपोर्ट- नीरज शुक्ला (रामनगर बाराबंकी)

 

राष्ट्रीय राजमार्ग बाराबंकी-बहराइच पर बुधवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर में चल रहा है। हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जबकि पुलिस ने टैंकर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

 

जानकारी के अनुसार, अनिकेत (20) पुत्र राम सुमेर, निवासी छेदी पुरवा ग्राम बटुरहा, थाना पखरपुर, मंगलवार को अपने रिश्तेदारों के यहां बड़नपुर (रामनगर) आया था। बुधवार सुबह करीब आठ बजे बड़नपुर से वह अपनी बाइक (यूपी-40 बीएल 7190) से अपनी साली संतोषी वर्मा (20) पुत्री प्रेम कुमार, निवासी रोशनलाल पुरवा, थाना पखरपुर के साथ निकला था।

 

बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी बाइक राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्गापुर मोड़ के पास पहुंची, पीछे से तेज रफ्तार टैंकर (यूपी-32 ईएन 6515) ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में अनिकेत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संतोषी गंभीर रूप से घायल हो गई।

 

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल संतोषी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। वहीं सूचना पर पहुंची रामनगर पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को अपने कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और फरार चालक की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।