बिना काम किए लग रही फर्जी हाजिरी का आरोप, नाला खुदाई कार्य को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश
गाजीपुर। कासिमाबाद ब्लॉक अंतर्गत क्षेत्र पंचायत द्वारा मुहम्मदपुर कुसुम में टुटहिया पुलिया से पानी टंकी तक नाला खुदाई कार्य तथा मोहम्मदपुर में भोला के खेत से बढ़ियापुर चट्टी तक कराए जा रहे नाला खुदाई कार्य को लेकर ग्रामीणों ने अनियमितता के गंभीर आरोप लगाए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि मौके पर अपेक्षित संख्या में श्रमिकों के काम नहीं करने के बावजूद बड़ी संख्या में मजदूरों की हाजिरी दर्ज की जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार दोनों नाला खुदाई कार्यों में करीब 400 श्रमिकों की फर्जी हाजिरी लगाए जाने की आशंका है। उनका कहना है कि वास्तविक रूप से मौके पर जितने श्रमिक कार्य कर रहे हैं, उनकी संख्या दर्ज हाजिरी की तुलना में काफी कम है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित अधिकारी बिना पूर्व सूचना के दोनों कार्यस्थलों का अचानक स्थलीय निरीक्षण कराएं। इसके साथ ही मस्टर रोल में दर्ज हाजिरी और मौके पर मौजूद श्रमिकों का भौतिक सत्यापन कराया जाए, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
ग्रामीणों ने नाला खुदाई कार्य की माप, गुणवत्ता, मस्टर रोल और अब तक किए गए भुगतान की भी जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जांच में फर्जी हाजिरी या सरकारी धन के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन को मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करनी चाहिए।




