जयसिंहपुर की नई एसडीएम बनीं प्रीति जैन, पीड़ितों को न्याय दिलाना होगी पहली प्राथमिकता
संवाददाता प्रमोद पाण्डेय
कार्यभार संभालते ही सख्त तेवर, बोलीं- शिकायतों का समयबद्ध और निष्पक्ष होगा निस्तारण
जयसिंहपुर, सुलतानपुर। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने प्रशासनिक व्यवस्था में फेरबदल करते हुए उपजिलाधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। इस क्रम में अपर उपजिलाधिकारी सदर रहीं प्रीति जैन को जयसिंहपुर तहसील का नया उपजिलाधिकारी (एसडीएम) नियुक्त किया गया है। उन्होंने सोमवार को तहसील पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। वहीं, जयसिंहपुर में एसडीएम रहे संदीप यादव को अपर उपजिलाधिकारी सदर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जबकि जयसिंहपुर में न्यायिक मजिस्ट्रेट रहीं मंजुल मयंक को कादीपुर का नया एसडीएम बनाया गया है।
कार्यभार संभालने के बाद नवागत एसडीएम प्रीति जैन ने पत्रकारों से बातचीत में अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि पीड़ितों को न्याय दिलाना और आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने साफ कहा कि फरियाद लेकर तहसील पहुंचने वाले किसी भी व्यक्ति को निराश नहीं लौटने दिया जाएगा। प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनकर उसका निर्धारित समयसीमा के भीतर निष्पक्ष निस्तारण कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी की जाएगी।
नवागत एसडीएम ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। उनके स्पष्ट रुख से तहसील क्षेत्र के लोगों में समस्याओं के त्वरित समाधान और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था की उम्मीद जगी है। अब देखना होगा कि उनकी प्राथमिकताएं जमीनी स्तर पर कितनी प्रभावी साबित होती हैं।




