नेशनल खबर 9 के लिए आजमगढ़ मंडल ब्यूरो हेड रामनरायन राय उर्फ बबलू राय
भावुक माहौल में संयुक्त निदेशक अभियोजन शमशाद हसन को दी गई विदाई, छलक पड़े सहकर्मियों के आंसू
प्रदेश में 72वें स्थान से आजमगढ़ को नंबर एक पर पहुंचाने में निभाई अहम भूमिका
आजमगढ़ जनपद के अभियोजन विभाग में अपनी सरलता, मृदुभाषी व्यवहार और प्रभावशाली कार्यशैली से अलग पहचान बनाने वाले संयुक्त निदेशक अभियोजन शमशाद हसन शनिवार को सेवानिवृत्त हो गए। उनकी विदाई पर आयोजित समारोह भावुक माहौल में बदल गया। वर्षों तक साथ काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके योगदान और मार्गदर्शन को याद करते हुए नम आंखों से विदाई दी।
वर्ष 2023 में आजमगढ़ में कार्यभार संभालने वाले शमशाद हसन के नेतृत्व और अधिकारियों के आपसी समन्वय से अभियोजन कार्यों में उल्लेखनीय सुधार हुआ। कभी प्रदेश में 72वें स्थान पर रहने वाला आजमगढ़ बेहतर पैरवी और नियमित समीक्षा के दम पर प्रदेश में प्रथम स्थान पर पहुंचा। उनके कार्यकाल में महज तीन महीने में 80 गैंगस्टर की कार्रवाई हुई तथा बीएनएस और आईपीसी के तहत 14,574 मामलों में प्रभावी कार्रवाई की गई। गंभीर मामलों में दोषियों को आजीवन कारावास की सजा दिलाने में भी अभियोजन विभाग की अहम भूमिका रही।
विदाई समारोह में अभियोजन अधिकारी विपिन चंद्र भास्कर अपने अनुभव बताते हुए भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि शमशाद हसन के मार्गदर्शन ने उन्हें शून्य से 99 प्रतिशत तक पहुंचाया। उनके इन शब्दों से समारोह में मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
इस अवसर पर एडी अभियोजन बीपी पांडेय सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके सरल स्वभाव, अनुशासन, कार्यकुशलता और सहयोग की सराहना की। शमशाद हसन को फूल-मालाओं और अंगवस्त्रम से सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। समारोह में उनके तीनों पुत्र भी मौजूद रहे।
इस मौके पर प्रभारी संयुक्त निदेशक अभियोजन सुभाष, प्रवीण कुमार चौधरी, नवनीत कुमार त्रिपाठी, अरविंद कुमार, विपिन चंद्र भास्कर, शशिकांत, कृष्ण मुरारी राय, विमलेश कुमार पांडेय, कपिल त्रिपाठी, मुरारी प्रसाद, लक्ष्मण गुप्ता, शिव प्रसाद पांडेय, अविनाश यादव नेशनल खबर 9 के प्रदेश प्रभारी रिंकू सिंह सहित समस्त कोर्ट मोहर्रिर उपस्थित रहे।
सेवानिवृत्ति के साथ पद की जिम्मेदारी भले समाप्त हो गई, लेकिन अपने व्यवहार, मार्गदर्शन और उपलब्धियों से शमशाद हसन ने सहकर्मियों के दिलों में जो स्थान बनाया है, वह लंबे समय तक याद किया जाएगा।




