गाजीपुर
NK9: सह संपादक
हाईवे पर दौड़ रही कॉलेज की बसें, छात्राओं को ठूंसकर ले जाने का आरोप
आरटीओ की कार्रवाई पर उठे सवाल, छोटे विद्यालयों पर कार्रवाई तो बड़े संस्थानों पर कब?
गाजीपुर। सैदपुर तहसील क्षेत्र के देवचनपुर में संचालित रघुनन्दन किशुनदेव पीजी कॉलेज की बसों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि कॉलेज की बसों में छात्र-छात्राओं, विशेषकर छात्राओं को क्षमता से अधिक संख्या में बैठाकर हाईवे पर तेज गति से वाहन दौड़ाए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बसों में विद्यार्थियों को इस तरह भरा जा रहा है, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता उत्पन्न हो रही है। यदि निर्धारित क्षमता से अधिक विद्यार्थियों को बैठाकर वाहन संचालित किए जा रहे हैं तो यह परिवहन नियमों और विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है।
वहीं, लोगों का सवाल है कि जब परिवहन विभाग द्वारा छोटे विद्यालयों के वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सीज करने जैसी कार्रवाई की जा रही है, तो बड़े शिक्षण संस्थानों के वाहनों की भी नियमित जांच क्यों नहीं की जा रही है? क्या संबंधित विभाग द्वारा कॉलेज की बसों की फिटनेस, परमिट, बीमा, चालक का लाइसेंस तथा निर्धारित यात्री क्षमता की जांच की गई है?
स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी और परिवहन विभाग से मामले की जांच कराने तथा कॉलेज की बसों का भौतिक सत्यापन कराने की मांग की है। उनका कहना है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए।
अब देखना यह है कि प्रशासन और एआरटीओ विभाग देवचनपुर स्थित रघुनन्दन किशुनदेव पीजी कॉलेज की बसों की जांच कर क्या कार्रवाई करता है।




