संवाद दाता:- सलीम जावेद
वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी में बुधवार को अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) आलोक प्रियदर्शी को भावभीनी विदाई दी गई। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने उनके निष्ठावान, कर्तव्यपरायण, उत्कृष्ट एवं बेदाग सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी। 
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि आलोक प्रियदर्शी का दीर्घ एवं गौरवपूर्ण सेवाकाल पुलिस विभाग के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उनके अनुभव, कार्यकुशलता, अनुशासन और कर्तव्य के प्रति समर्पण ने विभागीय कार्यों को मजबूती प्रदान की। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया, जो पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगा। 
पुलिस आयुक्त ने कहा कि सेवानिवृत्ति सरकारी सेवा का अंत नहीं, बल्कि जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने सेवानिवृत्त अधिकारी के आगामी जीवन के लिए सुखद, स्वस्थ, समृद्ध एवं शांतिपूर्ण जीवन की कामना की। साथ ही परिवार के साथ अधिक से अधिक सुखद समय व्यतीत करने और नए उत्साह एवं ऊर्जा के साथ जीवन की नई पारी शुरू करने के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं। 
विदाई के दौरान पुलिस विभाग की ओर से उनके द्वारा दी गई सेवाओं और विभाग के प्रति उनके योगदान को याद किया गया। अधिकारियों ने उनके कार्यकाल के अनुभवों और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।
पुलिस विभाग में लंबे समय तक अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करने वाले आलोक प्रियदर्शी के सेवानिवृत्त होने पर पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी परिवार ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय एवं शांतिपूर्ण भविष्य की कामना की।




