कर्तव्य निर्वहन के लापरवाही पर एसएसपी की बड़ी कार्रवाई, उप निरीक्षक व रिक्रुट आरक्षी निलंबित

Uncategorized

नेशनल खबर 9 से आजमगढ़ मंडल ब्यूरो हेड रामनरायन राय उर्फ बबलू राय की खास रिपोर्ट

 

कर्तव्य निर्वहन के लापरवाही पर एसएसपी की बड़ी कार्रवाई, उप निरीक्षक व रिक्रुट आरक्षी निलंबित

आजमगढ़ जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने पुलिस विभाग में अनुशासन एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कर्तव्य निर्वहन में घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने वाले दो पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।

पहली कार्रवाई में थाना गंभीरपुर पर तैनात रिक्रुट आरक्षी रूद्र प्रताप सिंह को संतरी पहरा एवं हिस्ट्रीशीटर की निगरानी जैसी महत्वपूर्ण ड्यूटी का समुचित निर्वहन न करने, पदीय दायित्वों के प्रति उदासीनता, स्वेच्छाचारिता तथा वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने के आरोप में निलंबित किया गया।

वहीं दूसरी कार्रवाई में थाना मेंहनगर पर नियुक्त उप निरीक्षक उमेश कुमार सिंह को थाना क्षेत्र के एक अभियोग में वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी एवं चोरी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए प्रभावी प्रयास न करने, कर्तव्य में लापरवाही तथा उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी करने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।

एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जनपद के सभी पुलिसकर्मी अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। कर्तव्य में लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।