गाजीपुर
NK9 संवाददाता
राष्ट्रीय पत्रकार परिषद गाजीपुर की मासिक बैठक सम्पन्न, महिला प्रकोष्ठ की नई टीम का गठन, उत्कृष्ट कार्यों के लिए पदाधिकारियों का सम्मान
गाजीपुर। राष्ट्रीय पत्रकार परिषद गाजीपुर की मासिक बैठक एवं सम्मान समारोह शनिवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। बैठक में संगठन के विस्तार, पत्रकारों के हितों की सुरक्षा, महिला प्रकोष्ठ के सशक्तिकरण तथा संगठनात्मक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय पत्रकार परिषद महिला प्रकोष्ठ की नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए अंजू चतुर्वेदी को महिला प्रकोष्ठ का जिला अध्यक्ष, चंदा यादव को जिला महामंत्री तथा कंचन रावत को जिला महासचिव नियुक्त किया गया। वहीं मधु पाण्डेय एवं मनसा पासवान को संगठन की सदस्यता ग्रहण कराई गई।
महिला प्रकोष्ठ की सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को महिला प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष नीतू चौबे ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा सम्मानित किया। साथ ही राष्ट्रीय पत्रकार परिषद गाजीपुर के सभी पदाधिकारियों का फूलमाला पहनाकर अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सूचना मंत्री संजय चौबे को प्रदेश उपाध्यक्ष प्रियुतोष साहू ने अंगवस्त्र एवं फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया। वहीं महिला प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष नीतू चौबे का सम्मान जिला अध्यक्ष पुनित कुमार त्रिपाठी ने स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर किया।
इस अवसर पर संगठन के जिला महासचिव राम प्रवेश शर्मा को संगठन के प्रति उनके उत्कृष्ट कार्य, सक्रिय योगदान एवं समर्पण के लिए विशेष रूप से स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) देकर सम्मानित किया गया। जिला अध्यक्ष पुनित कुमार त्रिपाठी ने उन्हें सम्मानित करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती में राम प्रवेश शर्मा का योगदान सराहनीय रहा है। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे समर्पित पदाधिकारी संगठन की वास्तविक शक्ति हैं और उनके कार्य अन्य सदस्यों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
बैठक में उपस्थित सभी वक्ताओं ने संगठन की एकता, पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा तथा सामाजिक सरोकारों को लेकर अपने विचार व्यक्त किए।
अपने संबोधन में प्रदेश उपाध्यक्ष प्रियुतोष साहू ने कहा कि राष्ट्रीय पत्रकार परिषद केवल एक संगठन नहीं, बल्कि पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा, अधिकार और निष्पक्ष पत्रकारिता की मजबूत आवाज है। उन्होंने संगठन के नियमों, उद्देश्यों और अनुशासन की जानकारी देते हुए कहा कि परिषद पत्रकारों को सशक्त मंच प्रदान करने, उनके हितों की रक्षा करने तथा समाजहित में निर्भीक पत्रकारिता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से सेवा, समर्पण और संगठन की गरिमा को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने का आह्वान किया।
जिला अध्यक्ष पुनित कुमार त्रिपाठी ने कहा कि संगठन का प्रत्येक सदस्य उसकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने पत्रकारों एवं समाजसेवियों को आश्वस्त करते हुए कहा, “आप सभी निर्भीक होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें। संगठन और मैं हर परिस्थिति में आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे तथा आपके सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।”
बैठक में राष्ट्रीय पत्रकार परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष की संगठनात्मक नीतियों एवं कार्यशैली का भी उल्लेख किया गया। वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष संगठन को परिवार मानते हुए अपना अधिकांश समय देशभर के पदाधिकारियों और पत्रकारों के हितों के लिए समर्पित करते हैं। उनकी जमीनी कार्यशैली, सरल व्यक्तित्व और प्रत्येक सदस्य के साथ आत्मीय जुड़ाव संगठन की सबसे बड़ी पहचान है। वे हर पदाधिकारी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने में विश्वास रखते हैं।
बैठक का समापन संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, पत्रकारों के सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा तथा समाजहित में निष्पक्ष पत्रकारिता के संकल्प के साथ हुआ।




