पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन पर हुआ हादसा, एनसीसी कैडेट गंभीर रूप से हुआ घायल

Social

संवाददाता : मोनू भारती
मुहम्मदाबाद गोहना मऊ। रानीपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन पर हुए सड़क हादसे में एक एनसीसी कैडेट गंभीर रूप से घायल हो गया। शमशाबाद ग्रामसभा के पास टोटो और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में युवक को सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घायल युवक की पहचान पलिया ग्रामसभा निवासी 20 वर्षीय शुभम पुत्र प्रमोद के रूप में हुई है। शुभम मुहम्मदाबाद गोहना टाउन इंटर कॉलेज में एनसीसी कैडेट है। बुधवार सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच वह कॉलेज से एनसीसी प्रशिक्षण समाप्त कर बाइक से घर लौट रहा था। बताया जा रहा है कि शमशाबाद गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन पर विपरीत दिशा से आ रहे टोटो से उसकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और शुभम दूर जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस की सहायता से घायल शुभम को रानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। सीएचसी के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसे मऊ जिला अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार शुभम के सिर में गंभीर चोट लगी है और वह अचेत अवस्था में है। उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।