संवाददाता मोनू भारती
तहसील मुहम्मदाबाद गोहना मऊ
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। नवरात्र पर्व के मद्देनज़र खाद्य सुरक्षा विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। लोगों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार देर शाम शहीद चौक स्थित डाकघर के सामने प्रेम कटर के गली में खोवा बेचने की शिकायत मिलने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित कुमार राणा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पता चला कि एक व्यक्ति वाराणसी से खोवा लाकर स्थानीय स्तर पर बिक्री कर रहा था। संदेह के आधार पर अधिकारी ने दाढ़ी यादव के यहां रखे लगभग दो किलो खोवा का नमूना लेकर उसे प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिया। इस कार्रवाई के बाद आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। इसके बाद टीम ने नगर के करीब आधा दर्जन मिठाई की दुकानों पर भी छापेमारी कर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के रख-रखाव और गुणवत्ता की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए कि नवरात्र और आगामी त्योहारों के दौरान विशेष सावधानी बरतें। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी भी दुकान पर मिलावटी मिठाई या गंदगी पाई गई, तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस सख्ती से जहां उपभोक्ताओं में विश्वास बढ़ा है, वहीं दुकानदारों में भी सतर्कता देखी जा रही है।




