जिला महिला चिकित्सालय में मनाई गयी धनवंतरी जयंती, डॉ. विनय कुमार सिंह ने दी शुभकामनाएं

Social

संवाददाता : रामनरायन राय उर्फ बबलू राय
आजमगढ़ जनपद के जिला महिला चिकित्सालय में शनिवार को धनवंतरी जयंती बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर विनय कुमार सिंह ने आयुर्वेद के जनक भगवान धनवंतरी के चित्र पर धूप दीप प्रज्ज्वलित कर माल्यार्पण किया और जनपदवासियों के सुख, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर डॉक्टर सिंह ने समस्त जनपदवासियों को धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीपावली प्रकाश, स्वास्थ्य और सकारात्मकता का पर्व है, जिसे सभी को सुरक्षित और संयमित तरीके से मनाना चाहिए। नागरिकों से अपील की, कि वे पटाखे जलाते समय सावधानी बरतें और पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि महिलाओं की चिकित्सा सुविधाओं के लिए जिला महिला चिकित्सालय में 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं त्योहार के दौरान भी सुचारू रूप से संचालित रहेंगी।
उन्होंने चिकित्सालय कर्मियों से आग्रह किया कि वे त्योहारों के समय भी मरीजों की सेवा को सर्वोपरि रखें, जिससे किसी भी महिला मरीज को उपचार में कोई असुविधा न हो। इस मौके पर डॉक्टर श्वेता राय ,डॉक्टर नमिता चंद्रा, डॉक्टर अनूप जायसवाल, डॉक्टर श्रेष्ठा अग्रवाल, डॉक्टर आर डी यादव ,स्मिता राय, दुर्गा, छाया राय ,स्नेहा आदि स्टाफ उपस्थित रहे।