संवाद दाता:- शमीम हसन
वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा, काजीपुर खुर्द में बारावफात पर्व की सजावट के दौरान करंट की चपेट में आने से 17 वर्षीय अनस और उन्हें बचाने पहुंचे उनके पिता सलीमउद्दीन उर्फ पप्पू, उम्र करीब 45 वर्ष, की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक और गम का माहौल है। 
हादसे की जानकारी मिलते ही उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री अजय राय मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने पीड़ित परिवार का ढांढस बंधाते हुए इस दुख की घड़ी में हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इस दौरान वाराणसी महानगर कांग्रेस अध्यक्ष श्री राघवेंद्र चौबे भी मौजूद रहे।
बताया जा रहा है कि बारावफात पर्व को लेकर इलाके में सजावट का कार्य चल रहा था। इसी दौरान करंट की चपेट में आने से पहले अनस हादसे का शिकार हुए और उन्हें बचाने के प्रयास में उनके पिता सलीमउद्दीन भी करंट की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
कांग्रेस नेताओं ने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए प्रशासन और संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। कांग्रेस की ओर से आरोप लगाया गया कि जर्जर और लापरवाह व्यवस्था के कारण एक ही परिवार के दो लोगों की जान चली गई, जो बेहद दुखद और निंदनीय है। 
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि हादसे के कारणों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि किसी अधिकारी या संबंधित जिम्मेदार व्यक्ति की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को अविलंब उचित और न्यायसंगत आर्थिक मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए बिजली व्यवस्था और पर्वों के दौरान होने वाली सजावट की सुरक्षा व्यवस्था की गंभीरता से जांच कराने की मांग की है।




