मार्टीनगंज में अवैध अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन, दो ऑपरेशन थिएटर सील, एक अस्पताल को नोटिस

HEALTH

आजमगढ़ मंडल ब्यूरो हेड रामनरायन राय उर्फ बबलू राय की खास रिपोर्ट:

मार्टीनगंज में अवैध अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन, दो ऑपरेशन थिएटर सील, एक अस्पताल को नोटिस

आजमगढ़ जनपद में अवैध एवं मानकविहीन निजी अस्पतालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को विकास खंड मार्टीनगंज में सघन जांच अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश और मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा के आदेश पर डिप्टी सीएमओ एवं नोडल अधिकारी (निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान) डॉ. आलेन्द कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने कई निजी अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई से क्षेत्र के निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया।

निरीक्षण के दौरान बसन्त हेल्थ केयर सेंटर, मार्टीनगंज में अस्पताल मानकों के अनुरूप संचालन नहीं पाया गया। मौके पर कोई अधिकृत चिकित्सक मौजूद नहीं था और अस्पताल केवल स्टाफ के भरोसे संचालित किया जा रहा था। बिना वैध अनुमति संचालित ऑपरेशन थिएटर को जनहित में तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

इसी प्रकार बाबू जी उदयराज हेल्थ केयर सेंटर, मार्टीनगंज में भी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। अस्पताल में कोई पंजीकृत चिकित्सक उपस्थित नहीं मिला और नियमों की अनदेखी करते हुए ऑपरेशन थिएटर संचालित किया जा रहा था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने यहां भी ऑपरेशन थिएटर को सील कर दिया।

वहीं लक्ष्मी हेल्थ केयर एंड हॉस्पिटल, मुक्तिपुर बाजार के निरीक्षण के दौरान आवश्यक पंजीकरण एवं वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जा सके। इस पर अस्पताल संचालक को तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब न मिलने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने कहा कि जनपद में बिना पंजीकरण, बिना मान्यता और बिना योग्य चिकित्सकों के संचालित अस्पताल, नर्सिंग होम अथवा क्लीनिक किसी भी कीमत पर नहीं चलने दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

यह अभियान डिप्टी सीएमओ एवं नोडल अधिकारी (निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान) डॉ. आलेन्द कुमार तथा वरिष्ठ सहायक धीरेन्द्र कुमार शुक्ल की उपस्थिति में संपन्न हुआ।