स्थगन आदेश के बावजूद निर्माण को लेकर बवाल, दो पक्षों में चले लाठी-डंडे।

स्थानीय समाचार

स्थगन आदेश के बावजूद निर्माण को लेकर बवाल, दो पक्षों में चले लाठी-डंडे।

बलिया जनपद के रसड़ा कोतवाली क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे चलने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया।
मामले में रसड़ा उत्तर पट्टी निवासी कुमारी सविता सिंह पुत्री स्वर्गीय विजय शंकर सिंह ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। प्रार्थिनी ने आरोप लगाया कि उनकी जमीन पर न्यायालय द्वारा स्थगन आदेश जारी होने के बावजूद विपक्षी पक्ष के प्रतीक सिंह उर्फ हैप्पी सिंह, महफूज आलम समेत अन्य लोगों ने जबरन निर्माण कार्य शुरू कर दिया।
विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी, डंडे और पत्थरों से हमला कर दिया तथा जान से मारने की धमकी भी दी। बताया जा रहा है कि पहले पुलिस ने निर्माण कार्य रुकवा दिया था, लेकिन बाद में दोबारा निर्माण शुरू होने पर विवाद बढ़ गया।
पुलिस ने मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि न्यायालय के आदेश के आधार पर कार्रवाई की जा रही है तथा मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।