वाराणसी में पुलिस आयुक्त का बड़ा एक्शन: 9 थानेदारों के तबादले, 3 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

INTERNATIONAL

संवाद दाता:-सलीम जावेद 

खराब प्रदर्शन और लापरवाही पर सख्ती, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने दिए 12 कड़े निर्देश

वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी में खराब पुलिसिंग और लापरवाही को लेकर पुलिस आयुक्त श्री मोहित अग्रवाल ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी के दौरान थानों के प्रदर्शन की समीक्षा की गई। समीक्षा के बाद तीन निरीक्षकों को पुलिस लाइन भेज दिया गया, जबकि कई थाना प्रभारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट संदेश दिया कि बेहतर पुलिसिंग ही पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की पहचान बनेगी और लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

तीन निरीक्षक पुलिस लाइन भेजे गए प्रशासनिक कार्रवाई के तहत—

1. निरीक्षक राजीव कुमार सिंह — प्रभारी निरीक्षक थाना फूलपुर से पुलिस लाइन भेजे गए और जनपद स्थानांतरण के लिए कार्यमुक्त किया गया।

2. निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा — प्रभारी निरीक्षक थाना चौक से पुलिस लाइन भेजे गए।

3. निरीक्षक दयाराम — प्रभारी निरीक्षक थाना राजातालाब से पुलिस लाइन भेजे गए।

इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

4. निरीक्षक अजय राज वर्मा — प्रभारी मण्डुवाडीह से हटाकर प्रभारी निरीक्षक फूलपुर बनाया गया।

5. निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला — प्रभारी चेतगंज से हटाकर प्रभारी निरीक्षक चौक की जिम्मेदारी दी गई।

6. उप निरीक्षक दिगम्बर उपाध्याय — थानाध्यक्ष लोहता से हटाकर थानाध्यक्ष मण्डुवाडीह बनाया गया।

7. उप निरीक्षक पवन पाण्डेय — चौकी प्रभारी रमना से हटाकर थानाध्यक्ष चेतगंज बनाया गया।

8. उप निरीक्षक अभिजीत सिंह — प्रभारी मीडिया सेल, पुलिस आयुक्त कार्यालय से हटाकर थानाध्यक्ष लोहता बनाया गया।

9. उप निरीक्षक जितेन्द्र कुमार — थाना रोहनिया से हटाकर थानाध्यक्ष राजातालाब की जिम्मेदारी दी गई।

ACP स्तर पर भी बदलाव

सहायक पुलिस आयुक्त स्तर पर भी जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। श्री अपूर्व पाण्डेय को ACP कैंट से हटाकर ACP साइबर क्राइम की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं अवकाश से वापस लौटीं श्रीमती प्रज्ञा पाठक को ACP कैंट का दायित्व सौंपा गया है।

पुलिस आयुक्त के 12 कड़े निर्देश

अपराध समीक्षा बैठक के दौरान पुलिस आयुक्त ने थानेदारों को पुलिसिंग में सुधार और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

1. जनसुनवाई सर्वोपरि

सभी थानेदार प्रतिदिन जनसुनवाई करेंगे। CUG मोबाइल हर हाल में रिसीव करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी कारणवश कॉल नहीं उठा पाने पर कॉल बैक करना अनिवार्य होगा। आमजन के साथ शालीन और सम्मानजनक व्यवहार करने के भी निर्देश दिए गए।

2. लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण

D-60 और D-90 श्रेणी के लंबित मामलों की विवेचनाओं को प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

3. महिला अपराधों पर जीरो टॉलरेंस

महिला संबंधी अपराधों में तत्काल FIR दर्ज करने और मामलों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।

4. लूट और चेन स्नैचिंग का शत-प्रतिशत अनावरण

लूट और चेन स्नैचिंग की घटनाओं में विशेष टीम लगाकर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी करते हुए घटनाओं के शत-प्रतिशत अनावरण के निर्देश दिए गए।

5. SOG-2 का गठन

जुआ, सट्टा, देह व्यापार, अवैध हुक्का बार और मादक पदार्थों की बिक्री जैसी गतिविधियों पर निगरानी और प्रभावी कार्रवाई के लिए SOG-2 का गठन किया गया है। इसकी जिम्मेदारी उप निरीक्षक पंकज सिंह चौहान को दी गई है।

6. दूसरे थाना या जनपद में अपराध करने वाले अपराधियों पर नजर

यदि वाराणसी का कोई अपराधी दूसरे थाना क्षेत्र या जनपद में अपराध करता है तो संबंधित थानेदार की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

7. साइबर और वित्तीय फ्रॉड में पीड़ितों का पैसा वापस दिलाने पर जोर

साइबर ठगी के मामलों में संबंधित कानूनी प्रावधानों का प्रभावी इस्तेमाल करते हुए पीड़ितों की धनराशि वापस दिलाने पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए गए।

8. यातायात और अतिक्रमण पर कार्रवाई

सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण कर व्यापार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही सभी थाना क्षेत्रों में नियमित पैदल गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

9. स्कूल, कोचिंग और हॉस्टल की सुरक्षा

थानेदार अपने-अपने क्षेत्रों के स्कूल, कोचिंग सेंटर और हॉस्टल में लगे CCTV कैमरों की जांच करेंगे। छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मनचलों और शोहदों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

10. थानों के CCTV 24 घंटे चालू रहें

सभी थानों के CCTV कैमरे 24 घंटे सक्रिय रखने और उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए।

11. हर FIR और गुमशुदगी की ACP स्तर पर समीक्षा

प्रत्येक FIR और गुमशुदगी के मामलों की नियमित समीक्षा ACP स्तर पर किए जाने के निर्देश दिए गए, ताकि मामलों की विवेचना और कार्रवाई में लापरवाही न हो।

12. आगामी त्योहारों को लेकर विशेष पुलिस प्रबंध

आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और गणेश चतुर्थी को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर विशेष पुलिस व्यवस्था, सुरक्षा और निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

‘जो अच्छा काम करेगा, वही थाने पर रहेगा’

बैठक के अंत में पुलिस आयुक्त श्री मोहित अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि कमिश्नरेट में प्रदर्शन आधारित जवाबदेही तय की गई है। जो अधिकारी और कर्मचारी बेहतर काम करेंगे, उन्हें जिम्मेदारी दी जाएगी, जबकि निष्क्रियता, लापरवाही और खराब प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि बेहतर पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान पुलिस की प्राथमिकता है।

मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध आलोक प्रियदर्शी सहित सभी सहायक पुलिस आयुक्त और थाना प्रभारी मौजूद रहे।