नगहर में मीरा बाबा के सालाना उर्स पर भव्य दंगल, 21 जोड़ी पहलवानों ने दिखाए दांव-पेच। संवाददाता उमाकांत विश्वकर्मा 

SPORTS स्थानीय समाचार

नगहर में मीरा बाबा के सालाना उर्स पर भव्य दंगल, 21 जोड़ी पहलवानों ने दिखाए दांव-पेच।

संवाददाता उमाकांत विश्वकर्मा

रसड़ा/बलिया। रसड़ा क्षेत्र के नगहर गांव में शाह मीरा बाबा के सालाना उर्स के अवसर पर रविवार को भव्य दंगल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि संजीव कुमार सिंह उर्फ सबलू सिंह ने फीता काटकर किया। दंगल में बलिया, गाजीपुर, मऊ, अयोध्या, वाराणसी सहित बिहार से पहुंचे 21 जोड़ी पहलवानों ने अखाड़े में अपने दमखम, शक्ति और कुश्ती के शानदार दांव-पेच का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों के दौरान दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से पहलवानों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान एवं पूर्व सैनिक प्रभात कुमार ठाकुर ने की, जबकि पूर्व प्रधान महेंद्र राम ने संचालक एवं आयोजक की भूमिका निभाई। कार्यक्रम की शुरुआत हनुमान जी की पूजा-अर्चना के बाद शाह मीरा बाबा की दरगाह पर चादरपोशी के साथ हुई।

दंगल में अतिथि के रूप में सुहेलदेव पार्टी के नेता शिवेंद्र बहादुर सिंह, रसड़ा प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र बहादुर सिंह, पूर्व ब्लाक प्रमुख सतीश सिंह, पूर्व सांसद प्रतिनिधि गोपाल राय,जावेद अंसारी जाम, बसपा विधानसभा अध्यक्ष धनंजय भारती, किसान नेता राघवेंद्र कुमार सहित गाँव के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

स्वर्गीय बिरजा सिंह की स्मृति में बने टिन शेड का उद्घाटन

कार्यक्रम के दौरान नगहर गांव के सम्मानित समाजसेवी स्वर्गीय बिरजा सिंह की स्मृति में उनके पुत्र संजीव कुमार सिंह उर्फ सबलू सिंह द्वारा करीब चार लाख रुपये की लागत से अखाड़े के ऊपर टीन शेड का निर्माण कराया गया। इसका उद्घाटन उनके पुत्र संजीव कुमार सिंह सबलू सिंह ने फीता काटकर किया। स्वर्गीय बिरजा सिंह की स्मृति के अवसर पर पौधरोपण भी किया गया।

स्वर्गीय विधायक उमाशंकर सिंह को दी श्रद्धांजलि

दंगल कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के लोकप्रिय एवं दिवंगत विधायक स्वर्गीय उमाशंकर सिंह को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित अतिथियों एवं आयोजकों ने स्वर्गीय उमाशंकर सिंह और स्वर्गीय बिरजा सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रभात कुमार ठाकुर ने दंगल में पहुंचे सभी अतिथियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों को पढ़ाई-लिखाई के साथ-साथ खेलकूद और शारीरिक मजबूती पर भी ध्यान देना चाहिए। खेल और कुश्ती युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की भावना पैदा करते हैं।

वहीं पूर्व प्रधान एवं आयोजक महेंद्र राम ने कहा कि गांव का यह अखाड़ा युवाओं को जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का मार्ग है। कुश्ती के माध्यम से युवा अपनी प्रतिभा और शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन कर विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर भविष्य बना रहे हैं।

दंगल को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग अखाड़े में पहुंचे और पहलवानों के रोमांचक मुकाबलों का आनंद लिया। आयोजकों के अनुसार, मीरा बाबा के सालाना उर्स के अवसर पर आयोजित यह दंगल क्षेत्र की पुरानी परंपरा, खेल भावना और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।