घूर गड्ढा की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप, ग्रामीण ने प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार

CRIME

आजमगढ़ मंडल ब्यूरो हेड रामनरायन राय उर्फ बबलू राय की खास रिपोर्ट

घूर गड्ढा की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप, ग्रामीण ने प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार

आजमगढ़ जनपद के सगड़ी तहसील क्षेत्र अंतर्गत जीयनपुर थाना के ग्राम गन्धूपुर रंगना में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का मामला प्रकाश में आया है। गांव निवासी राजन यादव पुत्र स्वर्गीय हीरालाल यादव ने प्रशासन को प्रार्थना पत्र देकर गांव की घूर गड्ढा दर्ज भूमि पर जबरन कब्जा कर पक्का निर्माण कराए जाने का गंभीर आरोप लगाया है।

प्रार्थी राजन यादव का कहना है कि ग्राम सभा की आराजी संख्या 67 सरकारी अभिलेखों में घूर गड्ढा के रूप में दर्ज है, जो सार्वजनिक उपयोग की भूमि है। आरोप है कि गांव के ही कुछ दबंग प्रवृत्ति के लोग, जिनमें रामसरन, सन्तहरन एवं रामप्रसाद यादव आदि शामिल हैं, अपनी दबंगई के बल पर उक्त सरकारी भूमि पर अवैध रूप से पक्का निर्माण करा रहे हैं।

पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने निर्माण कार्य का विरोध किया तो विपक्षियों द्वारा भद्दी-भद्दी गालियां दी गईं तथा जान-माल की धमकी भी दी गई। मामले को लेकर गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। प्रार्थी ने प्रशासन से मांग की है कि सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराते हुए आरोपियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।

इस संबंध में स्थानीय प्रशासन का कहना है कि शिकायत प्राप्त होने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों में भी सरकारी भूमि पर हो रहे कथित कब्जे को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।