संवाद दाता:-अजीत मोदनवाल
गाजीपुर। सादात थाना परिसर में मंगलवार को नए थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पांडे ने विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालते ही उन्होंने थाने में तैनात सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को बुलाकर परिचय प्राप्त किया और थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।
परिचय बैठक के दौरान थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पांडे ने स्पष्ट रूप से कहा कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने मातहत पुलिसकर्मियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अपराधियों के प्रति किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। थाने पर आने वाले हर फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुनकर निष्पक्ष और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास कायम करना बेहद जरूरी है। इसके लिए पुलिसकर्मियों को शालीन व्यवहार, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी निभानी होगी। थाना अध्यक्ष ने गश्त व्यवस्था को और मजबूत करने, संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। धर्मेंद्र कुमार पांडे ने लंबित मामलों की समीक्षा कर त्वरित निस्तारण, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और अपराधियों के खिलाफ सघन अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने दो टूक कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नए थाना अध्यक्ष के आगमन से सादात थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और बेहतर पुलिसिंग की उम्मीद बढ़ गई है। स्थानीय नागरिकों ने भी आशा जताई है कि उनके नेतृत्व में थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।




