
नीरज शुक्ला/ रामनगर बाराबंकी: थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थान पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोग घायल हो गए जिनमें चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर किया गया।
प्राप्त जानकारी क़े अनुसार पहली घटना रामनगर-फ़तेहपुर मार्ग पर किशनपुर मोड़ के पास हुई जहां दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में किशनपुर निवासी रामप्रताप पुत्र फौजदार (54) और भैसुरिया निवासी मोहम्मद आजाद पुत्र मुबारक (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने दोनों घायलों को सीएचसी रामनगर पहुंचाया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दूसरी घटना रामनगर थाना क्षेत्र के बुढ़वल चौराहे के निकट श्री भवानी पैलेस के निकट हुई। कुर्सी थाना क्षेत्र के बबुरिहा निवासी चालक रमाकांत पुत्र रामविलास एक्सयूवी कार से गोंडा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान डिवाइडर से मुड़ रही एक लोडेड डीसीएम में पीछे से कार जा घुसी। टक्कर में कार सवार गोंडा बाजार कटरा रायपुर निवासी दीप नारायण पुत्र राजाराम तथा उनके भाई जगत प्रसाद और चालक रमाकांत गंभीर रूप से घायल हो गए सभी को एंबुलेंस से सीएचसी रामनगर ले जाया गया, जहां से दोनों की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। घायलों ने बताया कि उनके घर पर शादी समारोह था और नई कार विवाह में देने के लिए लाई गई थी। हादसे के बाद हाईवे पर भीषण जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हाइड्रा मशीन की मदद से क्षतिग्रस्त एक्सयूवी को किनारे हटाकर यातायात बहाल कराया। इस दौरान चौराहे पर कई घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।




