पुल से रेलवे ट्रैक पर गिरा ट्रक, घंटों रेल यातायात रहा बाधित, आखिर दुर्घटना के बाद जागा प्रशासन

स्थानीय समाचार

रिपोर्ट- नीरज शुक्ला (रामनगर बाराबंकी)

 

रामनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत फतेहपुर मार्ग स्थित बुढ़वल जंक्शन रेलवे क्रॉसिंग पुल पर बुधवार रात करीब सवा नौ बजे एक बहुत ही बड़ा हादसा होते होते टल गया।

फतेहपुर मार्ग की तरफ से प्लाई लदा आ रहा अनियंत्रित 18 चक्का ट्रक/ट्रेलर पुल से लगभग 25 फीट नीचे रेलवे ट्रैक पर गिर गया। गनीमत यह रही कि ट्रक सीधा जाकर रेलवे ट्रैक पर गिरा और बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।

ट्रक चालक पंकज कुमार पुत्र रामसेवक (38) निवासी मनिहारी थाना कर्नलगंज जिला गोंडा उसी के अंदर लगभग तीन घंटे फंसा रहा।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची रामनगर व रेलवे पुलिस ने घंटों कड़ी मशक्कत के बाद उस ट्रक ड्राइवर को बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर भिजवाया जहां पर उपस्थित डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

इस दौरान बुढ़वल जंक्शन रेलवे रूट से निकलने वाली तमाम ट्रेनें कई घंटों तक लेट हुई। घटना के दौरान गाड़ी संख्या 12204 गरीब रथ एक्सप्रेस जो सहरसा जा रही थी वह भी लगभग साढ़े पांच घंटे इस ट्रैक पर खड़ी रही। यात्रियों ने बताया कि ट्रेन रेलवे पुल से निकली ही थी कि एक डरावनी आवाज के साथ ट्रेन रुक गई। आवाज सुनकर सभी यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और ट्रेन के नीचे उतर कर पटरी पर आ गए तो देखा कि ट्रक रेलवे ट्रैक पर क्षतिग्रस्त पड़ा है और उसमें घायल अवस्था में ड्राइवर फंसा हुआ था।

 

आखिर दुर्घटना के बाद जागा प्रशासन

 

रामनगर फ़तेहपुर मार्ग पर बुढ़वल जंक्शन रेलवे क्रॉसिंग के ऊपर बना पुल व सड़क क्षतिग्रस्त था जिससे आवागमन में लोगों को परेशानियां हो रही थी। जिसको लेकर मीडिया अथवा सोशल मीडिया पर खबरें भी प्रकाशित हुई किंतु कुंभकर्णी नींद में सोया रेलवे व पीडब्ल्यूडी विभाग नहीं चेता।

आखिरकार हादसे के बाद रेलवे व पीडब्ल्यूडी प्रशासन हरकत में आया और सड़क मार्ग मरम्मत कर रेलवे पुल पर बैरिकेटिंग लगाने का कार्य प्रारंभ कर दिया।

हालांकि उक्त घटनास्थल की सड़क पर प्रकाश आदि से संबंधित कोई भी व्यवस्था अब तक प्रशासन ने नहीं की है जो दुर्घटना का मुख्य कारण भी बताया जा रहा है।

जनमानस में चर्चा है कि यदि समय रहते यही कार्य रेलवे व पीडब्ल्यूडी विभाग पहले ही कर देता तो शायद आज यह ट्रक दुर्घटना न होती।