संवाददाता : वसीम खान
मऊ : पुलिस अधीक्षक मऊ के आदेशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में, क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद गोहना एवं प्रभारी निरीक्षक कमलकांत वर्मा के निर्देशन में थाना स्थानीय की साइबर टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने OLX के माध्यम से हुए 6,00,000 रुपये के फ्रॉड की पूरी धनराशि वापस कराई है। थाना मोहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र के मो. सफीउल्लाह पुत्र सनाउल्लाह निवासी जमालपुर की ओर से साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई थी कि उनके साथ 6 लाख रुपये का ऑनलाइन फ्रॉड किया गया। साइबर टीम ने शिकायत पर त्वरित कार्यवाही करते हुए तकनीकी विश्लेषण, ट्रांजैक्शन ट्रेसिंग और बैंक समन्वय के माध्यम से पीड़ित के खाते में पूरे 6,00,000 रुपये सफलतापूर्वक वापस कराए।
अपराध का तरीका : शिकायतकर्ता ने OLX प्लेटफॉर्म पर एक अर्टिगा कार की बिक्री का विज्ञापन देखा। वाहन खरीदने के लिए उसने विक्रेता से फोन पर संपर्क किया। विक्रेता के बताए पते पर पहुंचने और वाहन देखने के बाद दोनों के बीच ₹6,00,000 में सौदा तय हुआ। बाद में आरोपी ने धोखे से उक्त राशि अपने खाते में ट्रांसफर करवा ली और वाहन देने से मना कर दिया।साइबर टीम की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता के कारण पीड़ित की पूरी धनराशि वापस मिल सकी।थाना मोहम्मदाबाद गोहना की साइबर टीम की इस कार्यवाही की सराहना की जा रही है। इस सफलता से आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।




