
बाराबंकी: रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के मुख्य कस्बा भिटरिया के प्रमुख चौराहे पर रविवार दोपहर दो दुकानदारों के बीच कहासुनी हो गई। बात बढ़ी तो लाठी-डंडे चलने लगे, साथ ही पथराव भी होने लगा। हंगामा और बवाल के बीच मौके पर पहुंची पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, सुमेरगंज के निवासी मुशीर भिटरिया चौराहे पर किराए की दुकान और उसके पीछे कमरा लेकर फल की दुकान संचालित करते हैं। इनके ठीक बगल में बरकतुल्लाह की लोहे के समान व वेल्डिंग की दुकान है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, एक छोटे वाहन से मुशीर का कोई सामान उनकी दुकान के सामने आया था। गाड़ी बरकतुल्लाह की दुकान के सामने चली गई। इसी को लेकर दोनों में विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष से लाठी-डंडा चलने लगे और पथराव होने लगा। अराजकता का माहौल कायम हो गया। आसपास मौजूद लोग मारे दहशत के इधर-उधर भागने लगे। पास में ही मौजूद कुछ पुलिसकर्मी भी कुछ नहीं कर पाए। सूचना पाकर थाने से पहुंची पुलिस फोर्स दोनों को हिरासत क्लब में लेकर थाने आई और यहां घायल अवस्था में सीएचसी ले गई है। थानाध्यक्ष अंकित त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।




