संवादाता वसीम खान:मुहम्मदाबाद गोहना।हर साल लाखों छात्र नीट की परीक्षा में उतरते हैं, लेकिन इस बार चर्चा किसी कोचिंग हब की नहीं, बल्कि मुहम्मदाबाद गोहना के सेक्रेड हार्ट स्कूल की है – जहां से एक नहीं, चार-चार होनहारों ने सफलता की ऐसी उड़ान भरी कि पूरा क्षेत्र खुशी से झूम उठा।आशीष मौर्या (576 अंक, AIR 4027), अम्मार खान (548 अंक, AIR 13380), शिवांश त्रिपाठी (540 अंक, AIR 18706), और अजीत यादव (535 अंक, AIR 20699) – ये चार नाम अब सिर्फ छात्र नहीं, बल्कि प्रेरणा बन चुके हैं।इनकी सफलता ने ये साबित कर दिया कि अगर जूनून हो, तो शहर छोटा नहीं होता और सपने कभी सीमाओं में नहीं बंधते।सोमवार को स्कूल में आयोजित कार्यक्रम किसी उत्सव से कम नहीं था। मंच पर छात्र नहीं, ‘विजेता’ खड़े थे – और मंच के नीचे खड़े अभिभावक, गर्व से भरे चेहरे, नम आंखें और मुस्कुराती उम्मीदें।प्रिंसिपल डॉ. किरन कृष्ण ने मंच से कहा –”इन बच्चों ने किताबें पढ़ीं, लेकिन सिर्फ सिलेबस नहीं, ज़िंदगी को भी समझा। आज वे डॉक्टर बनने के रास्ते पर हैं, और हम सब उनके पीछे खड़े हैं – तालियों की आवाज़ के साथ।