दिल्ली: यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी, भारतीय छात्रों को जल्द यूक्रेन छोड़ने की दी सलाह, रूस- यूक्रेन युद्ध की वजह से यूक्रेन में हालात बेकाबू

Breaking INTERNATIONAL

भारत ने बुधवार को अपने सभी नागरिकों को यूक्रेन की यात्रा करने से बचने के लिए परामर्श (एडवाइजरी) जारी किया है। एडवाइजरी में यूक्रेन में ‘बिगड़ती सुरक्षा स्थिति’ का हवाला देते हुएछात्रों और भारतीय नागरिकों को जल्द से जल्द यूक्रेन छोड़ने की भी सलाह दी गई है। यह एडवाइजरी यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने अपने ट्विटर हैंडल पर प्रकाशित की है।
यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने अपने ट्विटर हैंडल पर पोस्ट की गई एक एडवाइजरी में कहा, “बिगड़ते सुरक्षा हालात के मद्देनजर, भारतीय नागरिकों को यूक्रेन की यात्रा न करने की सलाह दी जाती है।”
सोमवार सुबह कीव में कई विस्फोटों की आवाज सुनी गई। बाद में बताया गया कि ईरान निर्मित ड्रोन का उपयोग करके यूक्रेनी शहरों और बुनियादी ढांचे के खिलाफ लक्षित हमले किए गए हैं।
कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने कहा कि यूक्रेन की राजधानी पर रूस के हमलों में कम से कम पांच लोग मारे गए हैं।
पुतिन ने यूक्रेन के शामिल चार क्षेत्रों में लगाया मार्शल ला
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रूस में यूक्रेन के सम्मिलित चार क्षेत्रों में मार्शल ला लगा दिया है। पुतिन का आदेश गुरुवार से प्रभावी होगा। लुहांस्क, डोनेस्क, जपोरीजिया और खेरसान में जनमत संग्रह कराकर रूस ने उन्हें इसी महीने खुद में शामिल किया है। नए फैसले के तहत इन चार क्षेत्रों में नियुक्त प्रशासनिक प्रमुखों को आपात अधिकार दिए गए हैं।