अलग अलग थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में बच्ची समेत चार की मौत

स्थानीय समाचार

बाराबंकी: चार सड़क हादसों में दो महिलाओं व बच्ची समेत चार की मौत हो गई। चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी हादसे वाहनों की तेज रफ्तार के कारण हुए। हादसों के बाद सभी के परिजन बेसुध हैं।कुर्सी थाना क्षेत्र के चमरही टोला निवासी रामू बहेलिया की 12 वर्षीय पुत्री मीनाक्षी कक्षा आठ की छात्रा है। रविवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित छात्रवृति परीक्षा में शामिल होने के लिए वह अपनी मां सोनम व दो वर्षीय बहन नंदनी के साथ घर से निकली थी।

देवा कोतवाली क्षेत्र में छपरा कॉलेज के निकट बाराबंकी की ओर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही थी। उसी दौरान एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। जानकारी पर पहुंचे परिजन तीनों को निजी अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों मासूम नंदनी को मृत घोषित कर दिया। बाइक सवार मौके से फरार हो गया।

उधर, लोनीकटरा थाना क्षेत्र के शिवनाम गांव निवासी बाबूदेई (40) रविवार सुबह करीब 10 बजे घर से पैदल ही खेत जा रही थीं। ग्रामीणों के अनुसार उसी दौरान तेज रफ्तार कार बाबूदेई को कुचलते हुए निकल गई। इसके बाद फेरी लगाकर सामान बेचने वाले साइकिल सवार जनपद कानपुर के थाना मंगलपुर के जिगना निवासी श्रीकृष्ण (40) को ठोकर मार दी जिससे वह घायल हो गए।

दोनों को सीएचसी त्रिवेदीगंज से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया जहां बाबूदेई की मौत हो गई। कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया।

उधर, फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के भिठहरा गांव निवासी सुशीला (58) की स्कूटी में शनिवार शाम कॉलेज से घर आते समय बड्डूपुर थाना क्षेत्र के सरसवां गांव के निकट तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल सुशीला को पुलिस ने लखनऊ स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वह बड्डूपुर कोतवाली क्षेत्र के सरसवां गांव स्थित सियाराम उच्चतर माध्यमिक में चतुर्थ श्रेणी पद पर तैनात थीं।

वहीं, मसौली थाना क्षेत्र के कस्बा बांसा निवासी शिवम यादव (35) अपने साथी बड़ागांव के रोशन के साथ शनिवार शाम बाइक से कहीं जा रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार बांसा नहर पुलिया के निकट मिट्टी लदे एक डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। दोनों को सीएचसी बड़ागांव से जिला अस्पताल फिर ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया। वहां रविवार को शिवम की मौत हो गई।