दिल्ली
दिल्ली एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से जमकर बारिश हो रही है। आईएमडी ने दिल्ली में बारिश को लेकर येलो अलर्ट (Yellow Alert for Rain) भी जारी किया है। बृहस्पतिवार को दिल्ली में झमाझम बारिश हुई। उसके दूसरे दिन शुक्रवार को भी दिनभर बारिश होती रही। मौसम विभाग ने शनिवार को भी तेज बारिश का अनुमान जताया है। वहीं, बारिश को लेकर गाजियाबाद और नोएडा में जिलाधिकारी ने कक्षा 1 से लेकर 8 तक के छात्रों के लिए स्कूल बंद करने के निर्देश दिए हैं।
शुक्रवार को भी गाजियाबाद और नोएडा में कक्षा 8वीं तक के स्कूल बंद थे। वहीं, गाजियाबाद के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शनिवार यानी 24 सितंबर को भी कक्षा 8वीं तक के स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए हैं। गौतमबुद्ध नगर में भी जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने शनिवार को कक्षा 8वीं तक के स्कूल बंद रखने का आदेश दिया है। 25 सितंबर को रविवार होने के कारण अब स्कूल सोमवार यानी 26 सितंबर को खुलेंगे।
दिल्ली एनसीआर में हुआ जलभराव
दिल्ली सहित नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद, गुरुग्राम, भारी बारिश के कारण कई जगहों पर जलभराव हो गया। भारी बारिश के कारण दिल्ली गुरुग्राम एक्सप्रेसवे तालाब बन गया। बृहस्पतिवार को हुई बारिश से घुटनों तक पानी भरने से लोग उसी में से पैदल निकलने को मजबूर दिखे। इस दौरान लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ा। वाहनों की रफ्तार धीमी होने से कई किमी तक लंबा जाम लग गया।
जाम से जूझ रहे लोग
शुक्रवार को भी लोगों को इसी तरह की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। दिनभर बारिश के कारण नोएडा, फरीदाबाद, गुरुग्राम, गाजियाबाद और दिल्ली में कई जगहों पर जाम लग गया। जलजमाव और भारी बारिश ने शहरों में परिवहन और जीवन को ठप कर दिया है।
बारिश को लेकर अलर्ट जारी
आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक आरके जेनामणि ने कहा कि उत्तराखंड के लिए 23 से 25 सितंबर तक बहुत भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार को पश्चिमी यूपी में बारिश बढ़ने की उम्मीद है।




