सीएम डैशबोर्ड पर बेहतर प्रदर्शन का लक्ष्य, रैंकिंग में निरंतर सुधार के निर्देश, जनपद की रैंकिंग पर न पड़े किसी भी विभाग की शिथिलता का असर : जिलाधिकारी

Special

संवाददाता : सत्यवान सिंह चौहान
एटा, 25 अगस्त 2026। जिलाधिकारी अरविन्द सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड से संबंधित विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति एवं रैंकिंग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपनी-अपनी विभागीय रैंकिंग में निरंतर सुधार करते हुए बेहतर स्थिति बनाए रखें। जनपद की रैंकिंग किसी भी दिशा में प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित बिंदुओं की नियमित समीक्षा करें तथा जिन योजनाओं एवं कार्यक्रमों में प्रगति अपेक्षाकृत कम है, उनमें तत्काल आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता के कारण जनपद की रैंकिंग प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने एक्सईएन लोक निर्माण विभाग,उपायुक्त एनआरएलएम एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी को सेतु निर्माण, स्वयं सहायता समूहों के गठन एवं छात्रवृत्ति वितरण से संबंधित रैंकिंग में शीघ्र सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जननी सुरक्षा योजना में जनपद की रैंकिंग में तत्काल सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी कार्यदायी संस्थाएं निर्धारित समयावधि में अपने कार्यों का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करें। पूर्ण हो चुके कार्यों को संबंधित विभागों एवं संस्थाओं को समय से हैंडओवर कराया जाए, ताकि किसी भी स्तर पर कोई कार्य अनावश्यक रूप से लंबित न रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित की जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद, उपायुक्त एनआरएलएम विकल कुमार, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी ललित अग्रवाल, आदेश कुमार वर्मा, एस ई विद्युत सुभाष चंद्र, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुपम अवस्थी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्यम त्रिपाठी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ आर पी शर्मा,सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रदीप कुमार द्वारा किया गया।