रसड़ा रेलवे स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव और यात्री सुविधाओं की मांग, विश्वजीत जायसवाल ने महाप्रबंधक को सौंपा पत्र।
संवाददाता उमाकांत विश्वकर्मा

रसड़ा (बलिया)। रसड़ा रेलवे स्टेशन से यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों के लिए राहत की मांग उठने लगी है। क्षेत्र की करीब 160 ग्राम सभाओं के लाखों लोगों की रेल यात्रा को सुगम बनाने के उद्देश्य से सामाजिक कार्यकर्ता विश्वजीत जायसवाल ने पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक, गोरखपुर को पत्र भेजकर प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव, बंद ट्रेन की पुनर्बहाली और स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग की है।
महाप्रबंधक को भेजे गए पत्र में उन्होंने कहा है कि रसड़ा रेलवे स्टेशन रसड़ा तहसील, कासिमाबाद क्षेत्र और आसपास के लगभग 160 गांवों के लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख केंद्र है। महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव नहीं होने के कारण यात्रियों को मऊ और बलिया जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती है, जिससे उनका समय और आर्थिक खर्च दोनों बढ़ जाते हैं।
इन प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की उठाई मांग
पत्र के माध्यम से निम्नलिखित ट्रेनों का रसड़ा रेलवे स्टेशन पर कम से कम दो मिनट का ठहराव देने की मांग की गई है
1. 15715/15716 गरीब नवाज एक्सप्रेस।
2. 13510/13509 गोंडा-आसनसोल एक्सप्रेस।
3. 19053/19054 सूरत-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस।
4. 12527/12528 छपरा-पटना-आनंद विहार सुपरफास्ट एक्सप्रेस।
इसके साथ ही 55017/55018 मऊ-छपरा-मऊ ट्रेन को पुनः बहाल करने की भी मांग की गई है।
स्टेशन पर यात्री सुविधाएं बढ़ाने पर भी जोर
विश्वजीत जायसवाल ने पत्र में केवल ट्रेनों के ठहराव तक ही अपनी मांग सीमित नहीं रखी, बल्कि स्टेशन पर पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की सुविधा, शौचालय, स्वच्छता, यात्री सूचना प्रणाली और कोच पोजीशन डिस्प्ले जैसी बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने की मांग भी की है। साथ ही दिव्यांगों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों के लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
उन्होंने रेलवे प्रशासन से जनहित की इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने तथा की गई कार्रवाई से अवगत कराने की अपील की है।
अब देखना होगा कि रेलवे प्रशासन रसड़ा और आसपास के करीब 160 गांवों के लाखों यात्रियों की इस मांग पर कब तक सकारात्मक कदम उठाता है। यदि इन मांगों पर अमल होता है तो क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में बड़ी राहत मिल सकती है।




