निर्भीक पत्रकारिता के मिसाल थे स्व. प्रदीप आर्य, नौवीं पुण्यतिथि पर नम हुईं आंखें। संवाददाता उमाकांत विश्वकर्मा  पत्रकारों और समाजसेवियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन, बोले—उनके आदर्श और निष्पक्ष पत्रकारिता हमेशा रहेंगे प्रेरणास्रोत

धर्म/ आध्‍यात्‍म/ संस्‍कृति स्थानीय समाचार

निर्भीक पत्रकारिता के मिसाल थे स्व. प्रदीप आर्य, नौवीं पुण्यतिथि पर नम हुईं आंखें।

संवाददाता उमाकांत विश्वकर्मा

पत्रकारों और समाजसेवियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन, बोले—उनके आदर्श और निष्पक्ष पत्रकारिता हमेशा रहेंगे प्रेरणास्रोत

रसड़ा (बलिया)। निर्भीक, निष्पक्ष और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता की पहचान रहे स्व. प्रदीप आर्य की नौवीं पुण्यतिथि पर शनिवार को श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान पत्रकारों, समाजसेवियों और व्यापारी नेताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया।

रसड़ा स्थित दैनिक भास्कर कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम का संयोजन उनके पुत्र एवं पत्रकार रवि आर्य ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पत्रकार संतोष सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने पुष्प अर्पित कर स्व. प्रदीप आर्य को नमन किया।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्व. प्रदीप आर्य ने अपनी निर्भीक लेखनी से हमेशा जनहित के मुद्दों को आवाज दी। उन्होंने कभी पत्रकारिता के मूल्यों और सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। रसड़ा की पत्रकारिता में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उनके आदर्श, विचार और निष्पक्ष कार्यशैली आज भी युवा पत्रकारों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

वक्ताओं ने कहा कि सच्चा पत्रकार वही है, जो समाज की समस्याओं को बेबाकी से सामने रखे और पीड़ितों की आवाज बने। स्व. प्रदीप आर्य ने अपने जीवन में पत्रकारिता के इस दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाया। भले ही वह आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी लेखनी और उनके आदर्श हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेंगे।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार संतोष सिंह, मतलूब अहमद, उमाकांत विश्वकर्मा, राघवेंद्र कुमार गौतम, तनवीर अहमद, सीताराम शर्मा, सुमित गुप्ता, आरिफ अहमद सहित व्यापारी नेता सुरेशचंद जायसवाल, इकबाल अहमद एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में आयोजक रवि आर्य ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिता के विचारों, आदर्शों और पत्रकारिता के प्रति उनके समर्पण को याद करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

नमन उस कलमकार को, जिसने अपनी लेखनी से जनहित की आवाज बुलंद की और पत्रकारिता के आदर्शों को नई पहचान दी।